
- घाटशिला, आदित्यपुर, मानगो और जमशेदपुर डिवीजन में एक साथ चला अभियान, बिजली चोरी और बकाया बिल नहीं चुकाने वालों पर कसा शिकंजा
जमशेदपुर : बिजली चोरी करने वालों और लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को जमशेदपुर सर्किल के विभिन्न इलाकों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 372 परिसरों की जांच की गई। जांच में गड़बड़ी मिलने पर 36 लोगों के खिलाफ अलग-अलग थानों में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई गई। वहीं, बकाया बिजली बिल और जुर्माने के रूप में कुल 9,07,026 रुपये की वसूली की गई।
चार डिवीजन में एक साथ छापेमारी
विद्युत महाप्रबंधक अजीत कुमार के दिशा-निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में घाटशिला, आदित्यपुर, मानगो और जमशेदपुर डिवीजन को शामिल किया गया। विभाग की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में घरों और परिसरों की जांच की। इस दौरान अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने और लंबे समय से बिल का भुगतान नहीं करने के मामले सामने आए।
घाटशिला में सबसे ज्यादा कार्रवाई
डिवीजनवार आंकड़ों के अनुसार, घाटशिला में सबसे अधिक 118 घरों में छापेमारी की गई। यहां 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। वहीं, आदित्यपुर डिवीजन में 102 परिसरों की जांच के दौरान बिजली चोरी और अनियमितता के मामलों में 10 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई।
मानगो डिवीजन में 80 घरों में अभियान चलाया गया। यहां नौ लोगों के खिलाफ थानों में मामला दर्ज कराया गया। दूसरी ओर, जमशेदपुर डिवीजन में 72 परिसरों की जांच के दौरान पांच लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
₹9.07 लाख की वसूली, आगे भी जारी रहेगा अभियान
छापेमारी के दौरान विभाग ने बकाया बिजली बिल और जुर्माने के रूप में 9,07,026 रुपये की वसूली की। विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी करने और समय पर बिल का भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
महाप्रबंधक अजीत कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बकाया बिजली बिल का जल्द भुगतान करें और केवल अधिकृत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। विभाग का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












