
जमशेदपुर : जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों के पानी ने बाढ़ की चिंता बढ़ा दी है। खरकई नदी आदित्यपुर पुल के पास खतरे के निशान से 1.95 मीटर ऊपर बह रही है, जबकि स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। तटीय बस्तियों में पानी घुसने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
खरकई नदी लाल निशान से काफी ऊपर
खरकई नदी आदित्यपुर पुल के पास खतरे का निशान 129.00 मीटर है। इसके मुकाबले जलस्तर 130.95 मीटर दर्ज किया गया, यानी नदी लाल निशान से 1.95 मीटर ऊपर बह रही है। निचले इलाकों में खतरा बढ़ गया है। उधर, मानगो पुल के पास स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 120.64 मीटर दर्ज किया गया है। यह खतरे के निशान 121.50 मीटर के करीब पहुंच चुका है। प्रशासन दोनों नदियों के जलस्तर पर नजर रख रहा है।
डैम और बैराज के गेट खोले गए
ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने के बाद विभिन्न डैम और बैराज के फाटक खोले गए हैं। गंजिया बैराज का जलस्तर 135 मीटर पहुंचने पर सभी आठ रेडियल गेट खोल दिए गए, जहां से 1186.54 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। चांडिल डैम से 13 फाटकों के जरिए 744.57 क्यूमेक्स पानी छोड़ा गया है।गालूडीह बैराज के छह गेट खोलकर 1633.36 क्यूमेक्स पानी का बहाव जारी है। वहीं, ओडिशा के बांका बल डैम से 84.72 और खरकई डैम से 55.18 क्यूमेक्स पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इससे नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है।
तटीय बस्तियों में घुसा पानी
नदियों के रौद्र रूप के कारण बागबेड़ा, कदमा, शास्त्रीनगर और मानगो के शंकोसाई व दाईगुट्टू की तटीय बस्तियों में पानी प्रवेश कर गया है। कई जगह पानी घरों के आंगन तक पहुंच गया। लोग सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं।
आदित्यपुर में जलजमाव से यातायात प्रभावित
आदित्यपुर रेलवे अंडरग्राउंड पुल के नीचे भारी जलजमाव के कारण यातायात ठप हो गया है। ओवरब्रिज के पास रेलवे की मिट्टी सड़क पर आने से फिसलन बढ़ गई है। इससे कई बाइक सवार चोटिल हुए हैं। नगर निगम माइकिंग कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रहा है।
48 घंटे में 160 मिमी बारिश, तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 48 घंटे में जमशेदपुर में 160 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। अगले तीन दिनों तक कोल्हान प्रमंडल में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी है। जिला प्रशासन ने JNAC, मानगो अक्षेस, जुगसलाई नगर परिषद और NDRF की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा है। लोगों से नदी किनारे और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक जाने से बचने की अपील की गई है। नदी किनारे लोगों में भय का माहौल है, प्रशासन ने सतर्क रहने को कहा है।


