
जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर एक बार फिर फिटनेस और खेल के जुनून की गवाह बनने जा रही है। टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन 2026 को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए कुल 5,587 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। आयोजकों के अनुसार, सभी श्रेणियों को मिलाकर यह अब तक की सर्वाधिक भागीदारी है।
इस बार मैराथन में सिर्फ पेशेवर धावक ही नहीं, बल्कि फिटनेस के प्रति जागरूक युवा, महिलाएं और आम नागरिक भी बड़ी संख्या में हिस्सा लेने जा रहे हैं। रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों में महिलाओं की हिस्सेदारी 27 प्रतिशत से अधिक है। यह आंकड़ा शहर में फिटनेस और रनिंग के प्रति बढ़ती रुचि को भी दर्शाता है।
5 KM की दौड़ बनी सबसे लोकप्रिय
इस बार अलग-अलग श्रेणियों में प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता और पसंद के अनुसार रजिस्ट्रेशन कराया है। आंकड़ों के मुताबिक, 5 किलोमीटर की दौड़ सबसे ज्यादा लोकप्रिय रही। इसमें कुल 2,163 लोगों ने हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
श्रेणीवार रजिस्ट्रेशन की स्थिति इस प्रकार है :
- हाफ मैराथन (21.097 KM): 467 धावक
- 10 KM रन: 1,483 धावक
- 5 KM रन: 2,163 धावक
- 2 KM फन रन: 1,474 प्रतिभागी
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि प्रतियोगिता में लंबी दूरी के अनुभवी धावकों के साथ-साथ सामान्य फिटनेस रन और फन रन में भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है।
27 और 28 नवंबर को होगा बिब एक्सपो
मैराथन से पहले प्रतिभागियों के लिए 27 और 28 नवंबर को एक्सपो आयोजित किया जाएगा। यहां रजिस्टर्ड धावकों को अपना आधिकारिक रनिंग बिब, रेस किट और प्रतियोगिता श्रेणियों के लिए टाइमिंग चिप उपलब्ध कराई जाएगी।
एक्सपो का कार्यक्रम इस प्रकार है :
- शुक्रवार, 27 नवंबर
- समय : दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक।
शनिवार, 28 नवंबर
- समय : सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक।
- बिब वितरण काउंटर दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक लंच के लिए बंद रहेंगे।
- बिब लेने के लिए पहचान पत्र अनिवार्य
आयोजकों ने सभी रजिस्टर्ड प्रतिभागियों से अपील की है कि वे एक्सपो में अपना रजिस्ट्रेशन कन्फर्मेशन ईमेल या एसएमएस और सरकार की ओर से जारी वैध फोटो पहचान पत्र साथ लेकर आएं। सत्यापन के बाद ही उन्हें आधिकारिक बिब और रेस किट दी जाएगी।
मैराथन के दिन दौड़ में शामिल होने के लिए आधिकारिक बिब पहनना अनिवार्य होगा।
फिटनेस के साथ सामुदायिक भागीदारी का संदेश
टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन अब केवल एक खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रह गई है। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग और पृष्ठभूमि के लोगों की भागीदारी शहर में फिटनेस संस्कृति के विस्तार का संकेत दे रही है। 29 नवंबर को होने वाली इस दौड़ में 5,587 प्रतिभागियों की मौजूदगी जमशेदपुर के खेल और स्वास्थ्य के प्रति बढ़ते उत्साह को प्रदर्शित करेगी।












