
- 500 मीटर से 5 किलोमीटर तक हुई ओपन वाटर स्विमिंग प्रतियोगिता, 34 महिला तैराकों ने भी दिखाया दमखम
जमशेदपुर : डिमना लेक रविवार को रोमांच, जुनून और फिटनेस का गवाह बना। यहां टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (TSAF) की ओर से आयोजित दूसरी ओपन वाटर स्विमिंग प्रतियोगिता ‘TSAF Swimathon 2.0’ में सात राज्यों के 121 तैराकों ने हिस्सा लेकर अपनी तैराकी क्षमता और सहनशक्ति का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि प्रतियोगिता में 60 वर्ष से अधिक उम्र के पांच प्रतिभागियों ने भी पानी में उतरकर युवाओं को फिटनेस और हौसले का संदेश दिया।
प्रतियोगिता का आयोजन 22 नवंबर को TSAF वाटर स्पोर्ट्स सेंटर, डिमना लेक में किया गया। इसमें झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, दिल्ली, कर्नाटक और केरल के तैराक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने 500 मीटर, एक किलोमीटर, 2.5 किलोमीटर और पांच किलोमीटर की चार श्रेणियों में मुकाबला किया। प्रतियोगिता में 87 पुरुष और 34 महिला तैराकों ने हिस्सा लिया।
64 साल के प्रतिभागी ने भी पानी में दिखाई ताकत
इस प्रतियोगिता का सबसे प्रेरणादायक पहलू बुजुर्ग प्रतिभागियों की मौजूदगी रही। 60 वर्ष से अधिक उम्र के पांच तैराकों ने अलग-अलग दूरी की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इनमें 64 वर्षीय सुललित साहा ने 500 मीटर, 63 वर्षीय शंकर पोद्दार ने एक किलोमीटर, 63 वर्षीय प्रसन्न कुमार बेहरा और 61 वर्षीय अरिंदम मंडल ने 2.5 किलोमीटर तथा 60 वर्षीय बैशाखी मल्लिक ने एक किलोमीटर की तैराकी की।
इन प्रतिभागियों ने साबित किया कि फिटनेस और खेल के प्रति जुनून के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है।
500 मीटर में जेनिफर ने मारी बाजी
प्रतियोगिता की 500 मीटर महिला श्रेणी में जेनिफर सुगम ने 10 मिनट 2 सेकंड में दूरी पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में स्नेहांशु मंडल 10 मिनट 11 सेकंड के समय के साथ विजेता बने।
एक किलोमीटर पुरुष वर्ग में मोहम्मद रय्यान असद ने 19 मिनट 18 सेकंड में पहला स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में स्नेहा मजूमदार 20 मिनट 12 सेकंड के समय के साथ विजेता रहीं।
2.5 किलोमीटर पुरुष वर्ग में आदित्य सिंह ने 40 मिनट 4 सेकंड में बाजी मारी। महिला वर्ग में सृष्टि शॉ ने 46 मिनट 12 सेकंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया।
वहीं, पांच किलोमीटर की सबसे लंबी दूरी वाली प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के अनन्यो मुखर्जी ने एक घंटा 18 मिनट 12 सेकंड में जीत दर्ज की। महिला वर्ग में जी. श्रुति ने एक घंटा 51 मिनट 56 सेकंड में पहला स्थान हासिल किया।
झारखंड के बाद बंगाल के सबसे ज्यादा तैराक
प्रतियोगिता में झारखंड से सबसे अधिक 69 तैराकों ने हिस्सा लिया। पश्चिम बंगाल से 38, ओडिशा से 10 और छत्तीसगढ़, दिल्ली, कर्नाटक तथा केरल से एक-एक प्रतिभागी पहुंचे। इस तरह डिमना लेक में आयोजित इस प्रतियोगिता ने सात राज्यों के तैराकों को एक मंच पर लाने का काम किया।
सुरक्षा के लिए तैनात रहे लाइफगार्ड और स्कूबा डाइवर
ओपन वाटर स्विमिंग में सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती होती है। इसे ध्यान में रखते हुए TSAF की ओर से प्रतियोगिता स्थल पर विशेष इंतजाम किए गए थे। पूरे स्विमिंग कोर्स पर प्रशिक्षित लाइफगार्ड की निगरानी रही। इसके अलावा रेस्क्यू राफ्ट, कयाक, मोटरबोट, स्कूबा डाइवर, इमरजेंसी रिस्पांस टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी। सभी प्रतिभागियों को बेहतर दृश्यता और सुरक्षा के लिए टो फ्लोट बुआ भी पहनाया गया था।
एसएसपी ने विजेताओं को किया सम्मानित
प्रतियोगिता का फ्लैग ऑफ टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी कैप्टन अमिताभ ने किया। पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया। आयोजन सचिव अनंत राणा समेत TSAF की टीम ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
TSAF का उद्देश्य ओपन वाटर स्विमिंग को लोकप्रिय बनाना और जमशेदपुर को पूर्वी भारत में इस खेल के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। नवंबर 2025 के बाद आयोजित दूसरे संस्करण में सात राज्यों की भागीदारी ने इस दिशा में बढ़ती दिलचस्पी को रेखांकित किया।












