चार-पांच दिसंबर को प्रस्तावित झारखंड दौरे में संगठनात्मक बैठक और आदिवासी मुद्दों पर रहेगा फोकस, खूंटी में ग्राम प्रधानों से संवाद कर पेसा कानून के क्रियान्वयन की लेंगे जानकारी।
रांची : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिसंबर के पहले सप्ताह में झारखंड दौरे पर आ सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, उनका दौरा चार या पांच दिसंबर को हो सकता है। इस बार उनका झारखंड आगमन किसी चुनावी सभा या राजनीतिक रैली के लिए नहीं, बल्कि पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से प्रस्तावित है। दौरे के दौरान राहुल गांधी पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। साथ ही पहली बार जिला अध्यक्षों के परिजनों से भी मुलाकात करने की योजना है। कांग्रेस नेतृत्व की इस पहल को पार्टी के पदाधिकारियों और उनके परिवारों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
जिलाध्यक्षों के परिवार से भी करेंगे मुलाकात
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे का एक खास पहलू जिला कांग्रेस अध्यक्षों के परिजनों से मुलाकात है। अब तक राजनीतिक बैठकों में मुख्य रूप से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होते रहे हैं, लेकिन इस बार उनके परिवारों को भी संवाद का हिस्सा बनाने की तैयारी है। रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं का परिवार है। जिलाध्यक्षों के परिजनों से मिलने का निर्णय कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और संगठन को नई ऊर्जा देने वाला होगा।
खूंटी में ग्राम प्रधानों से करेंगे सीधा संवाद
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी खूंटी भी जा सकते हैं। यहां वे ग्राम प्रधानों से सीधा संवाद करेंगे और पेसा (PESA) कानून के क्रियान्वयन से जुड़ी जमीनी हकीकत की जानकारी लेंगे। इसके साथ ही आदिवासी समुदाय की जमीन और उससे जुड़े अधिकारों के मुद्दों पर भी चर्चा प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम के जरिए ग्रामीण स्तर पर स्थानीय स्वशासन और आदिवासी अधिकारों से जुड़े विषयों को समझने की कोशिश होगी।
झारखंड और ओडिशा के जिलाध्यक्षों की होगी बैठक
राहुल गांधी के दौरे में झारखंड और ओडिशा के कांग्रेस जिलाध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक भी प्रस्तावित है। इसमें पार्टी की जमीनी स्थिति, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर मंथन किया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने भी इस दौरे को संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है। उनके अनुसार, इससे जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
दौरे की तारीख और कार्यक्रम पर अंतिम मुहर बाकी
राहुल गांधी के झारखंड दौरे की अंतिम तारीख और विस्तृत कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा अभी बाकी है। कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में दौरे की तैयारियों, कार्यक्रमों और संगठनात्मक बैठकों की रूपरेखा पर चर्चा होगी। अंतिम कार्यक्रम की घोषणा अगले एक-दो दिनों में होने की संभावना जताई गई है।












