
- सात निजी आईआरसीटीसी यूजर आईडी से बुक करता था टिकट, बिना अधिकृत एजेंट के चला रहा था अवैध कारोबार
- छापेमारी में 36 ई-टिकट का हिसाब मिला, 81 हजार रुपये से अधिक के टिकट बरामद; मोबाइल और दस्तावेज जब्त
रांची : रेलवे टिकट की मारामारी और कन्फर्म टिकट की चाहत को साइबर कैफे संचालक कमाई का जरिया बनाए हुए था। यात्रियों की इसी मजबूरी का फायदा उठाकर वह प्रत्येक टिकट पर 200 से 300 रुपये तक अतिरिक्त वसूल रहा था। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गुमला में छापेमारी कर टिकटों की अवैध दलाली के इस खेल का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार साइबर कैफे संचालक की पहचान संतु कुमार सिन्हा (34), निवासी गुमला के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने करीब छह वर्षों से इस अवैध कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
सात निजी आईडी से चल रहा था टिकटों का कारोबार
आरपीएफ की पोस्ट बानो की टीम ने 23 नवंबर को ऑपरेशन ‘उपलब्ध’ के तहत गुमला के टावर चौक, सिसई रोड स्थित सिन्हा साइबर जोन में छापेमारी की थी। जांच में सामने आया कि संचालक बिना अधिकृत एजेंट आईडी के निजी आईआरसीटीसी यूजर आईडी के माध्यम से रेलवे टिकट बुक कर यात्रियों को बेच रहा था।
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास सात निजी आईआरसीटीसी यूजर आईडी होने की जानकारी मिली। इन्हीं आईडी के माध्यम से वह यात्रियों के लिए टिकट बुक करता था और टिकट के वास्तविक मूल्य से 200 से 300 रुपये तक अधिक वसूलता था।
81 हजार रुपये से अधिक के टिकटों का मिला हिसाब
आरपीएफ ने आरोपी के मोबाइल फोन और टिकटों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। जांच के दौरान चार आईआरसीटीसी यूजर आईडी से बुक किए गए दो भविष्य के ई-टिकट भी मिले, जिनकी कुल कीमत 7,027.20 रुपये थी।
इसके अलावा 32 पुराने ई-टिकटों का ब्योरा मिला, जिनकी कुल कीमत 74,190.50 रुपये थी। इस प्रकार कुल 36 ई-टिकटों की कीमत 81,217.70 रुपये पाई गई।
रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरपीएफ ने आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत कांड संख्या 318/2026, दिनांक 23 नवंबर 2026 दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
आरपीएफ ने बताया कि रेलवे टिकटों की अवैध दलाली और कालाबाजारी के खिलाफ ऑपरेशन ‘उपलब्ध’ के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा।












