
- जिला प्रशासन के आश्वासन पर आंदोलनकारियों ने खत्म किया गतिरोध, मृत मजदूर सुबोध पात्रो के आश्रित को नौकरी और मुआवजे की मांग पर होगी अंतिम बातचीत
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में चार दिनों से जारी गतिरोध बुधवार सुबह समाप्त हो गया। मृत मजदूर सुबोध पात्रो के आश्रित को स्थायी नौकरी और मुआवजा देने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन के आश्वासन पर आंदोलनकारियों ने कंपनी के सभी सातों गेट खोल दिए हैं। बुधवार सुबह से कंपनी परिसर में आवागमन बहाल होने के साथ उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। अब सभी की निगाहें सुबह 10 बजे टाटा मोटर्स मेन गेट पर होने वाली निर्णायक वार्ता पर टिकी हैं।
मृतक के पुत्र सहदेव पात्रो की मौजूदगी में मजदूर नेता बंटी सिंह ने गेट खोलने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने सुबह 10 बजे तक जायज मांगों को मानने और गतिरोध समाप्त कराने का भरोसा दिया है। इसी विश्वास पर सभी गेट खोलने का निर्णय लिया गया है। चार दिनों से टाटा मोटर्स अस्पताल के शीतगृह में रखे सुबोध पात्रो के शव का अंतिम संस्कार भी वार्ता के बाद किया जाएगा।
झामुमो की एंट्री से बढ़ा आंदोलन का दबाव
मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की थी। इसके बाद बुधवार सुबह झामुमो कार्यकर्ता खुलकर आंदोलन में शामिल हो गए। आंदोलनकारियों ने कंपनी के सातों गेट बंद कर दिए थे। इनमें एक नंबर गेट के अलावा मेटेरियल, साउथ, टेल्को और कैंटीन सहित अन्य गेट भी शामिल थे। सभी गेट बंद होने से प्लांट का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया था। प्रतिदिन 400 से 450 वाहनों का उत्पादन करने वाले प्लांट में उत्पादन ठप रहा। कर्मचारियों और वाहनों की आवाजाही भी बाधित हुई।
दो दौर की वार्ता रही थी विफल
मामले को सुलझाने के लिए मंगलवार को दो दौर की बातचीत हुई थी, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। दोपहर 1:30 बजे श्रम विभाग की मौजूदगी में प्रबंधन ने बकाया राशि के भुगतान, आईओडब्ल्यू मामले की समीक्षा और नौकरी कर रहे एक आश्रित के प्लेसमेंट रिव्यू का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, परिजनों ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद रात में दूसरे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। मृतक के परिजनों का आरोप था कि 16 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान चोट लगने के बावजूद सुबोध पात्रो का आईओडब्ल्यू दर्ज नहीं किया गया और आठ महीने से उनका वेतन भी रोक दिया गया था।
अंतिम फैसले पर टिकी परिजनों की निगाहें
मजदूर नेता बंटी सिंह ने कहा कि आंदोलन किसी का नुकसान करने के लिए नहीं, बल्कि मजदूर के परिवार को न्याय दिलाने के लिए किया गया था। कंपनी का उत्पादन प्रभावित होने और मजदूरों के काम से वंचित रहने पर उन्होंने खेद भी जताया। अब सुबह 10 बजे होने वाली वार्ता में आश्रित को स्थायी नौकरी, मुआवजा और बकाया भुगतान सहित अन्य मांगों पर अंतिम निर्णय होने की उम्मीद है। फिलहाल आंदोलन स्थगित है। मांगों पर सहमति बनने के बाद ही पूरे मामले का स्थायी समाधान निकल सकेगा।












