
नई दिल्ली : 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आइआइटीएफ)-2026 में झारखंड दिवस के अवसर पर दिल्ली के भारत मंडपम में झारखंड की लोक संस्कृति की शानदार छटा देखने को मिली। इस दौरान जमशेदपुर के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। मानवभूम छऊ की महिषासुर मर्दिनी प्रस्तुति से लेकर संथाली नृत्य तक ने झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई।
महिषासुर मर्दिनी की प्रस्तुति ने खींचा ध्यान
सांस्कृतिक संध्या में प्रभात कुमार महतो के नेतृत्व में नटराज कला केंद्र, ईचागढ़ की टीम ने मानवभूम छऊ नृत्य शैली में ‘महिषासुर मर्दिनी’ का आकर्षक मंचन किया। पारंपरिक वेशभूषा, भाव-भंगिमा और नृत्य की विशेष शैली के माध्यम से कलाकारों ने पौराणिक प्रसंग को जीवंत कर दिया। वहीं, जमशेदपुर के विक्रम टुडू के नेतृत्व में कला मंदिर की टीम ने संथाली नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को झारखंड की आदिवासी संस्कृति से रूबरू कराया।
डमकच, मुंडारी और घोड़ा नृत्य ने भी बांधा समां
कार्यक्रम में झारखंड की अलग-अलग लोकनृत्य परंपराओं का संगम देखने को मिला। लक्ष्मीनाथ महतो और उनकी टीम ने पारंपरिक नागपुरी डमकच नृत्य प्रस्तुत किया। सुखराम पाहन की टीम ने मुंडारी नृत्य के जरिए आदिवासी संस्कृति की झलक दिखाई। वहीं, विनोद कुमार महतो के नेतृत्व में जागो जगाओ सांस्कृतिक कला मंच, बोकारो की टीम ने पारंपरिक घोड़ा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया।
42 स्टॉलों में प्रदर्शित हुई झारखंड की पहचान
झारखंड दिवस समारोह में उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम और उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद भारत मंडपम स्थित झारखंड पवेलियन के 24 और पलाश मार्ट के 18 स्टॉलों का अवलोकन किया।
इन स्टॉलों पर राज्य की आदिवासी विरासत, हस्तशिल्प, पारंपरिक चित्रकला और स्थानीय उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। पैतकर और सोहराय पेंटिंग के साथ झारक्राफ्ट, झारखंड पर्यटन, वन विभाग, मत्स्य निदेशालय और खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
स्थानीय कलाकारों और उत्पादों को राष्ट्रीय मंच
उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि सरकार लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने और स्थानीय उद्यमिता को मजबूत बनाने के लिए नई नीतियों पर काम कर रही है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड की पहचान अब केवल खनिज संपदा तक सीमित नहीं है। राज्य उद्योग, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास के क्षेत्र में नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है।
आइआइटीएफ के माध्यम से झारखंड के कलाकारों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। जमशेदपुर के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने इस आयोजन में कोल्हान की सांस्कृतिक पहचान को भी विशेष स्थान दिलाया।












