
रांची : झारखंड में सहायक आचार्य नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब नियुक्ति पत्र लेने के लिए अभ्यर्थियों को रांची नहीं आना होगा। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और हेमंत सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर 28 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के बदले जिला स्तर पर ही नव अनुशंसित सहायक आचार्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इस संबंध में जिला स्तर पर तैयारी करने का निर्देश दिया है।
दरअसल, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा का संशोधित परिणाम दूसरी बार जारी किया गया है। इसमें पहली बार सफल घोषित हुए अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराई जा रही है। विभाग का लक्ष्य है कि पांच दिसंबर तक सभी विषयों के अनुशंसित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दे दिया जाए। इसी कड़ी में 28 नवंबर को जिला स्तर पर ही नियुक्ति पत्र वितरण की व्यवस्था की गई है।
संशोधित रिजल्ट में सैकड़ों अभ्यर्थियों को पहली बार मिली सफलता
संशोधित परिणाम जारी होने के बाद भाषा, गणित एवं विज्ञान विषयों में कई नए अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। भाषा विषय में कुल 1,265 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इनमें करीब 200 अभ्यर्थी ऐसे हैं, जो पहली बार संशोधित परिणाम में सफल हुए हैं। इसी तरह गणित एवं विज्ञान विषय में कुल 1,769 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इनमें लगभग 250 अभ्यर्थी पहली बार सफल हुए हैं। पहले जारी परिणाम में इन अभ्यर्थियों का नाम शामिल नहीं था। अब संशोधित परिणाम के आधार पर इन्हें भी नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है।
काउंसिलिंग के बाद मिलेगा नियुक्ति पत्र
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर जिला स्तर पर उन अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग की जा रही है, जो संशोधित परिणाम में पहली बार सफल घोषित हुए हैं। काउंसिलिंग और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 28 नवंबर को जिला स्तर पर नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। विभाग ने पांच दिसंबर तक सभी विषयों के अनुशंसित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
25 नवंबर तक जारी होने थे शेष विषयों के परिणाम
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को 25 नवंबर तक इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के सामाजिक विज्ञान विषय का परिणाम जारी किए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद शेष विषयों में सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जानी है।
एक नजर में
- 28 नवंबर को जिला स्तर पर नियुक्ति पत्र वितरण।
- अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र लेने रांची नहीं जाना होगा।
- भाषा विषय में 1,265 अभ्यर्थी सफल।
- गणित एवं विज्ञान में 1,769 अभ्यर्थी सफल।
- भाषा में करीब 200 और गणित-विज्ञान में करीब 250 अभ्यर्थी पहली बार संशोधित परिणाम में सफल।
- पांच दिसंबर तक सभी विषयों के अनुशंसित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य।












