
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल में सोमवार की रात पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने करीब तीन घंटे तक सघन छापेमारी अभियान चलाया। रात आठ बजे से 11 बजे तक चले इस औचक सर्च ऑपरेशन से जेल के अंदर बंदियों के बीच हड़कंप मचा रहा। पुलिसकर्मियों ने जेल के विभिन्न वार्डों, बैरकों और सेल की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान शहर और कोल्हान के चर्चित अपराधियों की बैरकों पर विशेष नजर रखी गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस को सिगरेट, माचिस, गुटखा और खैनी जैसी प्रतिबंधित सामग्री मिली। हालांकि, किसी बड़े आपत्तिजनक या संदेहास्पद सामान की बरामदगी नहीं हुई। तीन घंटे तक चले अभियान के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम जेल परिसर से बाहर निकली।
डीसी-एसएसपी समेत 165 पुलिसकर्मी रहे शामिल
जेल में चलाए गए इस सर्च ऑपरेशन में जिला उपायुक्त, एसएसपी, सिटी एसपी, एसडीओ समेत 12 मजिस्ट्रेट और करीब 165 पुलिसकर्मी शामिल रहे। इनमें 115 जवान और 50 पुलिस अधिकारी थे। इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल की अचानक मौजूदगी से जेल प्रशासन और बंदियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल रहा। टीम ने जेल के एक-एक वार्ड और सेल की जांच की।
वार्ड, बैरक से लेकर अस्पताल और रसोईघर तक खंगाला
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के अनुसार, औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, अनुशासन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लेना था। जेल के विभिन्न वार्डों, बंदियों के आवासीय कक्षों, बैरकों, रसोईघर, अस्पताल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सघन जांच की गई। बंदियों के सामान और उनके उपयोग की वस्तुओं की भी तलाशी ली गई।
सीसीटीवी से लेकर मुलाकाती व्यवस्था तक की जांच
छापेमारी के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था के साथ सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश और निकास व्यवस्था, मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया तथा जेल के भीतर निगरानी तंत्र का भी जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और प्रतिबंधित गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।
कोल्हान के बड़े अपराधी और नक्सली हैं जेल में बंद
घाघीडीह सेंट्रल जेल में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के कई बड़े अपराधी और नक्सली बंद हैं। जेल के भीतर से आपराधिक गतिविधियों के संचालन की सूचनाएं भी समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में पुलिस-प्रशासन की इस औचक कार्रवाई को जेल की आंतरिक सुरक्षा और प्रतिबंधित गतिविधियों पर नियंत्रण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जेल के भीतर सिगरेट, माचिस, गुटखा और खैनी जैसी प्रतिबंधित सामग्री आखिर पहुंच कैसे रही है? तीन घंटे की इस छापेमारी ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं।












