
- देर रात करीब 1:45 बजे हुआ हादसा, टाटा एरिस कार के उड़े परखच्चे; बीएस इंटरप्राइजेज से जुड़े चार लोग लौट रहे थे जमशेदपुर, एक की हालत गंभीर
जमशेदपुर : कोलकाता से काम निपटाकर जमशेदपुर लौट रहे चार कारोबारियों की यात्रा पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम के पास दर्दनाक हादसे में बदल गई। देर रात उनकी टाटा एरिस कार भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जमशेदपुर निवासी 42 वर्षीय मनीष अग्रवाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही जमशेदपुर के कारोबारी जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रात 1:45 बजे हुआ हादसा, घटनास्थल पर ही तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार, बीएस इंटरप्राइजेज से जुड़े चार लोग टाटा एरिस कार से कोलकाता गए थे। वहां अपना काम निपटाने के बाद सभी जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान झाड़ग्राम के समीप देर रात करीब 1:45 बजे उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनीष अग्रवाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
किसी के हाथ में फ्रैक्चर तो कोई गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना में कार सवार अन्य तीन लोग भी जख्मी हो गए। घायलों की पहचान बासु (42), बीरू (45) और सचिन (42) के रूप में हुई है। बासु गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। वहीं, बीरू के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। सचिन को भी हल्की चोटें आई हैं।
टीएमएच में कराया गया भर्ती, सचिन को मिली छुट्टी
हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लाया गया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। सचिन की स्थिति बेहतर होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
कारोबारी जगत में शोक की लहर
मनीष अग्रवाल की मौत की खबर सामने आने के बाद बीएस इंटरप्राइजेज से जुड़े कारोबारियों, परिचितों और शहर के व्यापारिक जगत में शोक का माहौल है। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है।












