
रांची : कहीं किशोरियों को पढ़ाई जारी रखने और बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया, तो कहीं किसानों को बेहतर खेती के तरीके बताए गए। पौधारोपण, आवासों में गृह प्रवेश और जनसमस्याओं के समाधान के लिए शिविर भी लगे। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत बुधवार को विभिन्न जिलों में आयोजित गतिविधियों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और पर्यावरण संरक्षण पर जोर रहा। सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय की विज्ञप्ति के अनुसार, ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ विषय पर चल रहे पखवाड़े में किशोरी सशक्तीकरण दिवस के कार्यक्रमों से राज्यभर में कुल 1,62,837 प्रतिभागी जुड़े।
किशोरियों को शिक्षा, पोषण और अधिकारों की जानकारी
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से किशोरियों के साथ बैठकें और समूह सम्मेलन आयोजित किए गए। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के पात्र लाभुकों की पहचान के साथ आवेदन करने में सहायता दी गई। हजारीबाग और लातेहार सहित विभिन्न जिलों में किशोरियों को योजना से जोड़ने की पहल हुई। कार्यक्रमों में एनीमिया से बचाव, संतुलित भोजन, व्यक्तिगत स्वच्छता और नियमित पढ़ाई पर चर्चा की गई। बाल विवाह रोकने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ टेक होम राशन का वितरण भी हुआ।
पौधे लगाने के साथ देखभाल की जिम्मेदारी
हरित झारखंड अभियान के तहत रांची की 305 ग्राम पंचायतों सहित लातेहार, हजारीबाग और दुमका में पौधारोपण किया गया। विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों, तालाबों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय समूहों, स्वयं सहायता समूहों और युवाओं को दी गई। लातेहार के मनिका स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में उपायुक्त ने आंवला का पौधा लगाया। गतिविधियों में पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण को भी महत्व दिया गया।
किसानों को प्रशिक्षण, महिला समूहों को आर्थिक सहयोग
लातेहार के सरयू प्रखंड में मसूर बीज बांटे गए और खेत बचाओ अभियान चलाया गया। किसानों को मिट्टी की जांच, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा अलग-अलग फसलें उगाने के लाभ समझाए गए। सोनाहातू और दुमका में भी प्रशिक्षण आयोजित हुए। रांची में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मटर बीज और पोषण वाटिका किट का वितरण किया गया। बकरी टीकाकरण तथा आधार आधारित ई-केवाईसी अभियान भी चला। कांके में एक क्लस्टर फेडरेशन को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि उपलब्ध कराई गई।
नए घरों में प्रवेश, शिविरों में समस्याओं की सुनवाई
लातेहार में विभिन्न आवास योजनाओं के तहत तैयार 60 घरों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। रांची और हजारीबाग में भी परिवारों ने नए आवासों में प्रवेश किया।
रांची, दुमका और लातेहार में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनने के लिए शिविर लगे। जलसहियाओं ने फील्ड टेस्ट किट से जल स्रोतों की गुणवत्ता जांची। स्वच्छता, डिजिटल भुगतान और श्रमिक कल्याण योजनाओं पर जागरूकता कार्यक्रम भी हुए। विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, हस्तकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों को झारखंड के इतिहास, महापुरुषों तथा सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया गया।












