
सरायकेला : मिट्टी और कागज से तैयार मुखौटों में भाव उकेरने वाली सरायकेला की कला अब अंतरराष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनी है। दक्षिण कोरिया के एंडोंग में आयोजित 2026 इंटरनेशनल मास्क आर्ट्स एंड कल्चर ऑर्गेनाइजेशन (IMACO) के शैक्षणिक सम्मेलन में सरायकेला की छऊ मुखौटा परंपरा प्रस्तुत की गई। इसमें मुखौटों की कलात्मक खूबियों के साथ महापात्रा परिवार की तीन पीढ़ियों के योगदान को भी सामने रखा गया। इस परिवार ने वर्षों की मेहनत से विरासत को संजोया और नई पीढ़ी तक पहुंचाया है।
मुखौटों की बनावट से संरक्षण तक हुई चर्चा
सम्मेलन में इस शिल्प के इतिहास, निर्माण प्रक्रिया, कलात्मक विशेषताओं और संरक्षण की चुनौतियों पर बातचीत हुई। सरायकेला के मुखौटों में आकार और रंगों के साथ चेहरे के भावों का विशेष महत्व है। इन्हीं बारीकियों से पात्रों की अलग पहचान बनती है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर हुई प्रस्तुति ने यह भी रेखांकित किया कि परंपरा को जीवित रखने के लिए कलाकारों के कौशल का दस्तावेजीकरण और अगली पीढ़ी को प्रशिक्षण देना जरूरी है।
प्रसन्न महापात्रा ने रखी मजबूत नींव
सरायकेला की आधुनिक छऊ मुखौटा कला के विकास में स्वर्गीय शिल्पगुरु प्रसन्न कुमार महापात्रा का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। ‘द मैन बिहाइंड द मास्क’ के नाम से पहचाने जाने वाले प्रसन्न महापात्रा ने मिट्टी और कागज से मुखौटे बनाने की शैली को परिष्कृत किया। उनके बनाए मुखौटों में पारंपरिक सुंदरता, कल्पनाशीलता और भावों का मेल दिखाई देता था। उनके योगदान के लिए सरायकेला के तत्कालीन महाराजा ने उन्हें ‘शिल्पगुरु’ की उपाधि दी थी। कला का ज्ञान आगे पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने अपना आर्ट स्कूल भी स्थापित किया।
गुरु सुशांत ने विदेशों तक बढ़ाया पहचान का दायरा
पिता की विरासत को गुरु सुशांत कुमार महापात्रा ने आगे बढ़ाया। उन्होंने मुखौटों की पारंपरिक बनावट, रंगों के संतुलन और चेहरे के भावों की बारीकियों को सुरक्षित रखते हुए इस कला को व्यापक पहचान दिलाई। न्यूयॉर्क, बर्लिन और वियना जैसे शहरों में प्रस्तुतियों तथा प्रदर्शनों के माध्यम से सरायकेला के इस शिल्प से विदेशी दर्शक भी परिचित हुए। संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित गुरु सुशांत आज भी गुरु-शिष्य परंपरा के जरिए युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
तीसरी पीढ़ी जोड़ रही परंपरा और नए प्रयोग
परिवार की तीसरी पीढ़ी के सुमित महापात्रा इस सांस्कृतिक धरोहर को वर्तमान समय से जोड़ने में जुटे हैं। उनका प्रयास है कि मुखौटों की मूल शैली और तकनीक बरकरार रहे, साथ ही नई पीढ़ी इसमें रुचि ले। बदलते बाजार, युवाओं की पसंद और संरक्षण की चुनौतियों के बीच यह कोशिश महत्वपूर्ण है। दक्षिण कोरिया में हुई प्रस्तुति ने महापात्रा परिवार की साधना के साथ झारखंड की सांस्कृतिक समृद्धि को भी सामने रखा। तीन पीढ़ियों का यह सफर बताता है कि निरंतर अभ्यास और ज्ञान के हस्तांतरण से पारंपरिक कला आगे बढ़ सकती है।












