
- मां और बहनों के साथ पहुंची मासकॉम छात्रा ने हाथ और चप्पल से किया हमला, घायल बेसरा टीएमएच में भर्ती; बिष्टुपुर पुलिस ने युवती को हिरासत में लिया
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मंगलवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान झारखंड के वरिष्ठ आदिवासी नेता, पूर्व विधायक एवं साहित्यकार सूर्य सिंह बेसरा पर हमला कर दिया गया। चार महीने पुराने विवाद को लेकर मासकॉम की एक छात्रा ने अपनी मां और बहनों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल सूर्य सिंह बेसरा को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। वहीं, बिष्टुपुर पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
नागपुर में शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, हमला करने वाली युवती की पहचान करनडीह निवासी किरण मांझी के रूप में हुई है। वह मास कम्युनिकेशन (मासकॉम) की छात्रा है। बताया जाता है कि करीब चार महीने पहले नागपुर में आयोजित संताली सिनेमा और कला अकादमी के एक कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर किरण और सूर्य सिंह बेसरा के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर युवती नाराज चल रही थी।
मंगलवार को सूर्य सिंह बेसरा अपने समर्थकों के साथ गोपाल मैदान में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान किरण भी अपनी मां और बहनों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गई। बेसरा को देखते ही युवती और उसके परिजनों ने उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि युवती ने हाथ और चप्पल से उनकी पिटाई की। भरे कार्यक्रम में अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सीने के नीचे चोट, टीएमएच में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सूर्य सिंह बेसरा को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया। उनके सीने के नीचे चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के समय उनके साथ मौजूद घाटशिला के पूर्व पार्षद अर्जुन पूर्ति और पूर्व छात्र नेता हरिराम टुडू ने मारपीट की कड़ी निंदा की।
सार्वजनिक मंच पर मारपीट की निंदा
अर्जुन पूर्ति और हरिराम टुडू ने कहा कि एक बुजुर्ग आदिवासी नेता के साथ सार्वजनिक रूप से इस तरह मारपीट करना किसी भी सूरत में उचित नहीं है। यदि युवती को कोई शिकायत या विवाद था तो बातचीत के माध्यम से उसका समाधान निकाला जा सकता था। देशभर से आदिवासी कलाकारों और बुद्धिजीवियों की मौजूदगी वाले प्रतिष्ठित कार्यक्रम में इस तरह की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है।
युवती हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
हंगामे के बाद बिष्टुपुर पुलिस ने किरण मांझी को हिरासत में ले लिया। उसे थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है। पुराने विवाद की वजह और मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।












