
जमशेदपुर : जमशेदपुर में ‘संवाद 2026’ के तीसरे दिन एक सवाल कई मंचों पर उठा कि पुरखों से मिली कहानियाँ, हुनर और परंपराएँ अगली पीढ़ी तक कैसे पहुँचेंगी। किसी ने इसका जवाब अपनी भाषा में बनी फिल्म से दिया, तो किसी ने पारंपरिक बुनाई और गीतों के जरिए अपनी बात रखी। टाटा स्टील फाउंडेशन की पहल से चल रहे इस आयोजन में आदिवासी समुदायों के प्रतिनिधियों, कलाकारों, शोधकर्ताओं और युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए। दिनभर की बैठकों में विरासत को सहेजने के साथ बदलते समय में उसकी भूमिका पर भी बातचीत हुई।
पुरखों की कहानियाँ सहेजने के लिए आए 13 प्रस्ताव
‘संवाद फेलोशिप’ के प्रस्ताव प्रस्तुतीकरण के दूसरे दिन समुदायों की अगुवाई में तैयार 13 प्रस्ताव रखे गए। इनमें पीढ़ियों से सुनाई जा रही कहानियों, अनुष्ठानों, पारंपरिक बुनाई और पूर्वजों से जुड़ी स्मृतियों को दर्ज करने की योजनाएँ शामिल थीं। कुछ प्रस्तावों में समुदाय के अपने डिजिटल अभिलेख बनाने की बात भी रखी गई। कोंडा रेड्डी, उरांव, खासी, भील तड़वी और वेलिप सहित कई समुदायों की भागीदारी रही।
अखड़ा में भाषा की बात, उपचार पर सुरक्षा की चर्चा
‘अखड़ा’ के खुले मंच पर आदिवासी समुदायों की शासन व्यवस्था, पर्यावरण, भाषा और सांस्कृतिक धरोहर पर बातचीत हुई। पारंपरिक उपचार से जुड़े सत्र में 14 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों से 21 समूहों की भागीदारी दर्ज हुई। चर्चा में औषधीय पौधों, प्रकृति और सामुदायिक जीवन से जुड़ी परंपराओं का जिक्र हुआ। प्रतिभागियों ने इस ज्ञान को आगे पहुँचाने के साथ मरीजों की सुरक्षा, जिम्मेदार व्यवहार और पारंपरिक ज्ञान रखने वाले लोगों के सम्मान पर जोर दिया।
पाँच फिल्मों के बाद दर्शकों ने निर्देशकों से की बातचीत
‘समुदाय के साथ’ कार्यक्रम में Dhorom, The Trail of Phagun, Kashopapu, Oorna – In Search of Adivasi Women Traditional Healer और Jamuna Tudu – The Lady Tarzan दिखाई गईं। प्रदर्शन के बाद फिल्मकारों ने दर्शकों से बातचीत की। चर्चा इस बात पर भी हुई कि आदिवासी समुदायों की कहानियाँ और उनके अपने नजरिए सिनेमा में कैसे जगह पा सकते हैं।
रसोई से संगीत मंच तक पहुँचीं समुदायों की कहानियाँ
मेघालय, नगालैंड और गुजरात के प्रतिभागियों ने स्थानीय सामग्री से बनने वाले व्यंजन और उन्हें पकाने के तरीके दिखाए। आगंतुकों ने व्यंजन बनते देखे और उनसे जुड़ी कहानियाँ सुनीं। ओडिशा और महाराष्ट्र के सत्र भी पाक कार्यक्रम में शामिल रहे। शाम को ‘रिदम्स ऑफ द अर्थ’ में आदिवासी कलाकारों की 11 साझा संगीत प्रस्तुतियाँ हुईं। गीतों में जंगल से रिश्ते, सामुदायिक एकजुटता, पुरखों की याद और सांस्कृतिक पहचान की झलक मिली।
टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा कि इन चर्चाओं में लोग अपने जीवन और समुदायों में आ रहे बदलावों पर खुलकर बोल रहे हैं। उनके अनुसार, ऐसे मंच अलग-अलग पीढ़ियों को एक-दूसरे की बात सुनने और मिलकर तय करने का मौका देते हैं कि किन परंपराओं को आगे ले जाना है। जमशेदपुर में ‘संवाद 2026’ 19 नवंबर तक चलेगा।












