
- चांडिल के गुंडा गांव के डीटांड टोला में हादसा, नीचे लटक रहे बिजली तार की चपेट में आने से मौके पर मौत; दलमा से हाथियों के पलायन और वन्यजीव सुरक्षा पर उठे सवाल
सरायकेला : झारखंड में जंगली हाथियों की सुरक्षा के दावों के बीच बिजली के तार एक बार फिर गजराज की मौत का कारण बन गए। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र अंतर्गत गुंडा गांव के डीटांड टोला में सोमवार रात करीब नौ बजे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। करीब 40 वर्ष उम्र का हाथी भोजन की तलाश में गांव पहुंचा था। धान खाने के दौरान खेत की मेड़ पार करते समय वह नीचे लटक रहे बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट इतना तेज था कि हाथी की मौके पर ही मौत हो गई।
धान खाने खेत में पहुंचा था गजराज, मेड़ पार करते ही लगा करंट
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, हाथी भोजन की तलाश में गांव के खेतों तक पहुंचा था। धान खाने के लिए वह खेत की मेड़ पार कर रहा था। इसी दौरान नीचे लटक रहा 11 हजार वोल्ट का बिजली तार उसके संपर्क में आ गया। करंट लगते ही हाथी ने मौके पर दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
नीचे लटक रहे बिजली तारों पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
हाथी की मौत के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं। समय रहते इनकी मरम्मत और सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्था की जाती तो शायद हाथी की जान बचाई जा सकती थी। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से ऐसे खतरनाक तारों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में वन्यजीवों और इंसानों के साथ इस तरह की घटनाएं नहीं हों।
दलमा से निकलकर ईचागढ़ में क्यों डेरा डाल रहे हाथी?
इस घटना ने दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी से हाथियों के झुंड के पलायन का मुद्दा भी फिर चर्चा में ला दिया है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर हाथियों का झुंड भोजन और पानी की तलाश में दलमा सेंचुरी से निकलकर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में क्यों डेरा डाल रहा है? यदि सेंचुरी में हाथियों के लिए पर्याप्त भोजन और पानी की व्यवस्था है तो उन्हें आबादी वाले इलाकों की ओर आने की जरूरत क्यों पड़ रही है?
करोड़ों खर्च के बावजूद वन्यजीवों की सुरक्षा पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार वन्यजीवों के संरक्षण के लिए करोड़ों रुपये खर्च करती हैं। इसके बावजूद हाथियों का जंगल से निकलकर गांवों तक पहुंचना और बिजली के तारों की चपेट में आकर जान गंवाना गंभीर चिंता का विषय है। हाथियों के सुरक्षित आवागमन, भोजन-पानी की उपलब्धता और बिजली तारों की सुरक्षित व्यवस्था को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
गुंडा गांव की यह घटना वन विभाग और बिजली विभाग दोनों के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रहे हाथियों की सुरक्षा आखिर कैसे सुनिश्चित होगी?












