
- संवाद 2026 में देशभर के पारंपरिक उपचारकर्ताओं ने साझा की चिंता, औषधीय पौधों और विलुप्त होती उपचार पद्धतियों को बचाने पर हुआ मंथन
जमशेदपुर : जंगलों के सिमटने के साथ ही जनजातीय समुदायों का पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान भी धीरे-धीरे विलुप्त होने के खतरे से जूझ रहा है। जंगलों में मिलने वाले औषधीय पौधों और वनस्पतियों पर आधारित उपचार पद्धतियां केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि पीढ़ियों से संजोई गई जनजातीय विरासत का हिस्सा हैं। लेकिन जैव विविधता में कमी, पारंपरिक उपचारकर्ताओं को पहचान नहीं मिलने और नई पीढ़ी तक ज्ञान का हस्तांतरण नहीं होने से यह विरासत संकट में है। टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से आयोजित जनजातीय सम्मेलन ‘संवाद 2026’ के दूसरे दिन इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा हुई। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे पारंपरिक उपचारकर्ताओं और विशेषज्ञों ने उनके ज्ञान को संरक्षित करने, मान्यता दिलाने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की जरूरत बताई।
पारंपरिक उपचारकर्ताओं के सामने पहचान का संकट
जनजातीय उपचार पद्धतियों पर आयोजित कार्यशाला में पारंपरिक चिकित्सा के सामने मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें पारंपरिक उपचारकर्ताओं को पहचान और मान्यता नहीं मिलने, उनकी पद्धतियों के प्रमाणन में आने वाली कठिनाइयों तथा साक्ष्य आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती जरूरत जैसे मुद्दे उठे। चर्चा में यह बात सामने आई कि पारंपरिक उपचार पद्धतियों को संरक्षित करने के लिए केवल उनके महत्व को स्वीकार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके वैज्ञानिक अध्ययन, दस्तावेजीकरण और उचित मूल्यांकन की भी आवश्यकता है।
जंगलों में औषधीय संसाधनों का घटता दायरा
कार्यशाला में जैव विविधता और औषधीय संसाधनों के विलुप्त होने की आशंका पर भी चिंता जताई गई। पारंपरिक उपचार पद्धतियों का आधार जंगलों में उपलब्ध वनस्पतियां और उनसे जुड़ा सामुदायिक ज्ञान है। ऐसे में प्राकृतिक संसाधनों के खत्म होने से उपचार की कई पारंपरिक विधियां भी प्रभावित हो सकती हैं। प्रतिभागियों ने औषधीय पौधों के संरक्षण और उनसे जुड़े पारंपरिक ज्ञान को व्यवस्थित रूप से अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत बताई।
उपचारकर्ता बोले- संवाद से मिलता है ज्ञान साझा करने का मंच
ओडिशा के सुबरनापुर जिले के सहारा जनजातीय समुदाय से आने वाले पारंपरिक उपचारकर्ता जिला दंडसेना ने कहा कि संवाद उनके जैसे लोगों के लिए अपने पारंपरिक ज्ञान और उपचार पद्धतियों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच रहा है। इससे लोगों को ऐसी उपचार परंपराओं के अस्तित्व और उनके महत्व को समझने का अवसर मिलता है।
पीढ़ियों तक पहुंचाना होगा पारंपरिक ज्ञान
कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि पारंपरिक उपचार पद्धतियों को बचाने के लिए समुदायों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उपचारकर्ताओं के अनुभवों का दस्तावेजीकरण, औषधीय वनस्पतियों का संरक्षण, पारंपरिक ज्ञान की पहचान और नई पीढ़ी को इससे जोड़ना महत्वपूर्ण कदम हो सकते हैं। साथ ही पारंपरिक उपचार पद्धतियों और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के बीच जिम्मेदार संवाद की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।
टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा कि विकास का भविष्य केवल समुदायों को हितधारक मानकर नहीं गढ़ा जा सकता, बल्कि उन्हें अनमोल ज्ञान, विचारों और समाधानों के भंडार के रूप में पहचानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संवाद ऐसा मंच है, जहां अलग-अलग पीढ़ियों और समुदायों के लोग एक साथ आकर अपने ज्ञान और आकांक्षाओं को साझा करते हैं।
19 नवंबर तक चलेगा संवाद
जमशेदपुर में आयोजित संवाद 2026 का आयोजन 19 नवंबर तक होगा। इसमें जनजातीय कला, हस्तशिल्प, खानपान, पारंपरिक उपचार पद्धतियों, सिनेमा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।












