
- जोगर्स पार्क-मरीन ड्राइव मार्ग पर वाहन जांच के दौरान गोलू सिंह गिरफ्तार, मोटरसाइकिल भी जब्त
- पिंटू यादव उर्फ भैंसा से कारतूस खरीदकर सी. बच्चा को देने जा रहा था युवक, दोनों आरोपितों की तलाश
जमशेदपुर : लौहनगरी में अवैध हथियारों के साथ अब कारतूस की खरीद-बिक्री का मामला भी सामने आया है। सोनारी पुलिस ने 14 जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में कारतूस की खरीद और डिलीवरी से जुड़े दो अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। इससे शहर में कारतूस की अवैध सप्लाई के नेटवर्क की आशंका गहराई है। पुलिस अब इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
गिरफ्तार युवक की पहचान सोनारी ग्वाला बस्ती स्थित हनुमान मंदिर के पास रहने वाले गोलू सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 14 जिंदा कारतूस के अलावा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। रविवार को आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वाहन जांच में खुला मामला
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर पर्व-त्योहार को देखते हुए जिले में सघन गश्ती और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 15 नवंबर की सुबह करीब 9:15 बजे सोनारी पुलिस जोगर्स पार्क से मरीन ड्राइव जाने वाली सड़क पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर गोलू सिंह को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 14 जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद कारतूस के पेंदे पर एचपीएम अंकित था।
पिंटू से खरीदी थी गोलियां, सी. बच्चा को देनी थी
पुलिस पूछताछ में गोलू सिंह ने बताया कि उसने कारतूस पिंटू यादव उर्फ भैंसा से खरीदे थे। इन्हें सोनारी के राजा खटाल में रहने वाले सी. बच्चा को पहुंचाना था। पुलिस ने इस मामले में पिंटू यादव उर्फ भैंसा और सी. बच्चा को भी आरोपित बनाया है। पिंटू न्यू ग्वाला बस्ती का निवासी है, जबकि सी. बच्चा राजा खटाल के पास रहता है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
कहां से आए कारतूस, किसे करनी थी सप्लाई?
14 जिंदा कारतूस की बरामदगी के बाद अब जांच का अहम पहलू इनके स्रोत का पता लगाना है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कारतूस कहां से खरीदे गए थे और इस खरीद-बिक्री में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कारतूस किस उद्देश्य से मंगाए गए थे। फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस टीम में ये थे शामिल
इस मामले में सोनारी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शिवम राज के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी टीम में पुलिस अवर निरीक्षक दिवाकर धोबी, शिवम राज, सहायक अवर निरीक्षक संजय सिंह, राजू नायक और हवलदार विजय महतो शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।












