
- पलामू के पांडु थाना क्षेत्र के दरुआ गांव में हुई थी चोरी, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।
पलामू : पलामू जिले के पांडु थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दरुआ गांव में एक खपरैल मकान को निशाना बनाकर गहने चोरी करने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव के ही पवन कुमार प्रजापति के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए गहने भी बरामद कर लिए गए हैं।
घर में घुसकर उड़ाए थे गहने, दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामला दरुआ गांव निवासी अमरेश मेहता के घर में हुई चोरी से जुड़ा है। खपरैल मकान में चोरी की घटना के बाद पीड़ित ने पांडु थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांड संख्या 68/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू की।
पुलिस की जांच में गांव का ही युवक निकला आरोपी
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने दरुआ गांव निवासी पवन कुमार प्रजापति को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए गहने बरामद कर लिए। इसके साथ ही पुलिस ने चोरी की इस घटना का उद्भेदन कर दिया।
19 साल की उम्र में पहुंच गया जेल
थाना प्रभारी विगेश कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।












