
जमशेदपुर : झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जमशेदपुर में पांच दिवसीय जनजातीय समागम ‘संवाद 2026’ शुरू हुआ। टाटा स्टील के सीईओ और प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने इसका उद्घाटन किया। टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से 19 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर से आए जनजातीय कलाकार, पारंपरिक उपचार पद्धतियों के जानकार और घरेलू रसोइये अपने समुदायों की विरासत साझा कर रहे हैं।
जोहार हाट में 15 राज्यों की कला
पहले दिन ‘जोहार हाट’ में 15 राज्यों के 34 जनजातीय समुदायों के कारीगरों ने 40 कला रूपों को प्रदर्शित किया। यहां आने वाले लोगों को कलाकृतियां देखने के साथ उन्हें बनाने वाले कारीगरों से बातचीत करने का मौका भी मिला। पारंपरिक उपचार पद्धतियों को समर्पित प्रदर्शनी में 17 राज्यों के 29 जनजातीय समुदायों के जानकार शामिल हुए। उन्होंने बताया कि उनके समुदायों में पीढ़ियों से चली आ रही प्रथाओं और उनसे जुड़े ज्ञान को कैसे सहेजा जाता है।
‘आतिथ्य’ में 24 समुदायों की रसोई
खानपान के लिए बनाए गए ‘आतिथ्य’ में 14 राज्यों के 24 जनजातीय समुदायों के 100 से अधिक व्यंजनों को जगह दी गई। इन्हें लेकर आए घरेलू रसोइयों के जरिए लोगों को यह जानने का मौका मिला कि किसी इलाके में मिलने वाली सामग्री वहां के खानपान को कैसे आकार देती है। व्यंजनों के साथ उनसे जुड़ी स्थानीय परंपराओं और आजीविका की झलक भी देखने को मिली।
आदिवासी पहचान और आजीविका पर बातचीत
उद्घाटन के दिन एक सत्र में आदिवासी पहचान और ‘आदिवासियत’ के अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा हुई। वहीं, ‘विजन टू वायबिलिटी’ सत्र में इस बात पर बातचीत हुई कि रचनात्मक हुनर को लंबे समय तक चलने वाले आजीविका के अवसरों में कैसे बदला जा सकता है।
टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा कि ‘संवाद’ में समुदायों को अपना ज्ञान और अनुभव साझा करने के साथ नई संभावनाओं पर बात करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत और समुदायों की आकांक्षाओं को अवसरों से जोड़ने की कोशिशों में खुद समुदायों की भूमिका केंद्र में रहनी चाहिए।
गोपाल मैदान में नगाड़ों और लोक प्रस्तुतियों का कार्यक्रम
स्थापना दिवस और बिरसा मुंडा जयंती के मौके पर गोपाल मैदान में 251 नगाड़ों की प्रस्तुति, ‘कलर्स ऑफ झारखंड’ और न्योन्योक तालोम व कल्पना हांसदा के कार्यक्रम रखे गए। अगले चार दिनों में हस्तशिल्प, पारंपरिक ज्ञान और किस्सागोई से जुड़े सत्रों के साथ संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां भी होंगी।
जनजातीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उपचार से जुड़े स्टॉल, साथ ही ‘आतिथ्य’, दोपहर 3 बजे से रात 9:30 बजे तक खुले रहेंगे। गोपाल मैदान में शाम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां 6 बजे से रात 9:30 बजे तक होंगी।












