
जमशेदपुर : हुरलुंग पंचायत के मनपीटा गांव में प्रस्तावित भारी वाहन ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर (IDTR) को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य रोकने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना के लिए चिह्नित जमीन पर उनका पारंपरिक गोटपूजा मैदान और जाहेरथान है। इन दोनों स्थलों के संरक्षण पर चर्चा के लिए गांव में 20 नवंबर को सुबह 11 बजे विशेष ग्रामसभा बुलाई गई है। बैठक उसी गोटपूजा मैदान में होगी, जिसे सुरक्षित रखने की मांग ग्रामीण उठा रहे हैं।
गोटपूजा मैदान और जाहेरथान से जुड़ी है गांव की आस्था
रविवार को ग्राम प्रधान गौतम कर्मकार की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि गोटपूजा मैदान और जाहेरथान का महतो समुदाय के धार्मिक और सामाजिक जीवन में खास महत्व है। इन स्थलों से समुदाय की पूजा-पद्धति, सांस्कृतिक परंपराएं और पहचान जुड़ी हैं। इसी वजह से परियोजना के लिए जमीन चिह्नित किए जाने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है।
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि वे विकास योजनाओं का स्वागत करते हैं और चाहते हैं कि उन्हें लागू करते समय गांव के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए। वक्ताओं ने प्रशासन से आग्रह किया कि प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण पर आगे बढ़ने से पहले इन स्थलों का महत्व समझा जाए और गांव के लोगों की बात सुनी जाए।
अधिकारियों को भी ग्रामसभा में बुलाया जाएगा
बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि विशेष ग्रामसभा में जिला प्रशासन के अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। ग्रामीण इस दौरान परियोजना के लिए चुनी गई जमीन पर अपनी आपत्तियां रखेंगे। गोटपूजा मैदान और जाहेरथान के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर भी खुलकर चर्चा होगी। ग्रामीण चाहते हैं कि इस चर्चा के बाद ही परियोजना पर आगे का फैसला लिया जाए।
बैठक में कृष्णा लोहार ने कहा कि ऐसे मामलों में ग्रामीणों की भावनाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए और ग्रामसभा की सहमति को महत्व दिया जाना चाहिए। अजीत तिर्की ने कहा कि गांव के साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए ग्रामसभा अहम मंच है। उनके मुताबिक, 20 नवंबर की बैठक तक निर्माण को आगे बढ़ाने से बचना चाहिए।
ग्रामसभा तक काम रोकने की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित स्थल पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों पर ग्रामसभा की बैठक तक तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने ग्रामसभा में लिए जाने वाले निर्णय का सम्मान करने की भी अपील की। रविवार की बैठक के अंत में ग्रामीणों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाते रहने का संकल्प लिया।












