
- झारखंड स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, धरती आबा के संघर्ष और बलिदान को किया याद।
रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस और महान स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिरसा चौक पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए।
धरती आबा के बलिदान को किया नमन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज के अधिकार, जल-जंगल-जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए किए गए उनके आंदोलन को नमन किया।
झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष महत्व
झारखंड के लिए 15 नवंबर का दिन ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व रखता है। इसी दिन वर्ष 2000 में अलग झारखंड राज्य का गठन हुआ था। वहीं, इसी तारीख को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी मनाई जाती है। धरती आबा का संघर्ष आज भी झारखंड की पहचान, अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक बना हुआ है।












