
- सांसद जोबा माझी ने फीता काटकर किया लोकार्पण, कहा- जनजातीय बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
गोईलकेरा: झारखंड स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर गोईलकेरा प्रखंड को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। प्रखंड के डुमरिया गांव में नवनिर्मित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन किया। इस मौके पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। उन्होंने फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर विद्यालय का विधिवत लोकार्पण किया।
विद्यालय की शुरुआत को क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सांसद जोबा माझी ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के संचालन से जनजातीय समुदाय के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा। खासकर ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा।
सांसद ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई के प्रति गंभीर रहें। बच्चों की शिक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और समाज के विकास का मजबूत आधार है। शिक्षित बच्चे ही अपने परिवार, समाज और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक आतिश सिंह ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की स्थापना के उद्देश्य, शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्था और इसके माध्यम से जनजातीय बच्चों को मिलने वाले शैक्षणिक अवसरों के बारे में बताया।
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी जयदीप तिग्गा, एचएससीएल के अधिकारी, स्थानीय ग्रामीण, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर विद्यालय का उद्घाटन क्षेत्र के बच्चों के लिए शिक्षा के नए अवसरों की उम्मीद लेकर आया है।












