
- सिदगोड़ा के बारीडीह स्थित केटू मैदान के पास पुलिस की छापेमारी, 52.49 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त
- तीन मोबाइल और 10,400 रुपये नकद बरामद, गिरफ्तार आरोपितों का पहले से रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
जमशेदपुर : जमशेदपुर में ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार लगातार पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। नशे के इस कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस के तहत सिदगोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 214 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है। जब्त नशीले पदार्थ का कुल वजन 52.49 ग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन और 10,400 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बारीडीह बस्ती के दिनकर पथ निवासी अभिषेक भगत उर्फ सूरज गुप्ता, कपाली के रहमतनगर केला गोदाम के पास रहने वाले मो. अरमान और आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती निवासी तैयब अंसारी के रूप में हुई है। तीनों अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। पुलिस अब इनके आपसी संपर्क और नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
गुप्त सूचना पर केटू मैदान के पास छापेमारी
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक डा. एहतेशाम वकारिब को नशे के अवैध कारोबार के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद उनके निर्देश पर और पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सूचना के आधार पर बारीडीह स्थित केटू मैदान के पास छापेमारी की। इस दौरान तीनों युवकों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 214 पुड़िया ब्राउन शुगर समेत अन्य सामान बरामद हुए।
तीनों आरोपितों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मो. अरमान के खिलाफ चांडिल थाना में चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं अभिषेक भगत और तैयब अंसारी के खिलाफ भी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब इनके मोबाइल फोन की जांच कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और संभावित सप्लायरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इस मामले में सिदगोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। रविवार को तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस की जांच का अगला फोकस यह पता लगाना है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इस कारोबार में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।












