
- लोहरदगा में डबल मर्डर से सनसनी, दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपित पति गिरफ्तार
लोहरदगा/भंडरा : झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। कुंबाटोली बस्ती में एक पति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की टांगी से काटकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान पूजा देवी (28) और बिहार के पटना जिले के बाढ़ निवासी रोहित लहेरी के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने पति सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेमिका से मिलने बिहार से पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, कुंबाटोली बस्ती निवासी सोनू लहेरी की पत्नी पूजा देवी का बिहार के पटना जिले के बाढ़ निवासी रोहित लहेरी के साथ कथित प्रेम संबंध था। बताया जाता है कि रोहित रविवार को पूजा से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान देर रात पति सोनू ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद गुस्से में आकर उसने टांगी से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में पूजा और रोहित की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी का सिर धड़ से किया अलग
वारदात की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपित ने पत्नी पूजा पर टांगी से कई वार किए। इस दौरान उसका सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने आरोपित पति को किया गिरफ्तार
डबल मर्डर की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, आरोपित पति सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि दोनों हत्याओं को सोनू लहेरी ने अंजाम दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
एक ही रात में दो हत्याओं से इलाके में दहशत
कुंबाटोली बस्ती में हुई इस दोहरी हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच क्या विवाद हुआ था और वारदात की पूरी परिस्थितियां क्या थीं।












