
- परियोजना से सालाना 2.52 लाख टन कार्बन उत्सर्जन घटने का अनुमान, टाटा पावर की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 12.1 गीगावाट पहुंची
जमशेदपुर : टाटा समूह की कंपनी टाटा पावर ने स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टीपीआरईएल) ने महाराष्ट्र के लातूर जिले के औसा में 100.8 मेगावाट क्षमता वाली पवन ऊर्जा परियोजना को शुरू कर दिया है। इस परियोजना से हर साल लगभग 30.8 करोड़ यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन होने की उम्मीद है। उत्पादित बिजली की आपूर्ति टाटा पावर मुंबई डिस्ट्रीब्यूशन (टीपीसी-डी) को की जाएगी।
इस परियोजना से हर साल करीब 2,52,560 टन कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान है। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ ही कम कार्बन उत्सर्जन वाली बिजली व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी।
28 पवन टर्बाइन से होगा बिजली उत्पादन
औसा विंड प्रोजेक्ट में कुल 28 हॉरिजॉन्टल एक्सिस विंड टर्बाइन जनरेटर (डब्ल्यूटीजी) लगाए गए हैं। प्रत्येक टर्बाइन की क्षमता 3.6 मेगावाट है। ये टर्बाइन एसजी 3.6-145 मॉडल के हैं। परियोजना की कुल स्थापित क्षमता 100.8 मेगावाट है। कंपनी के अनुसार, इससे सालाना 308 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन की संभावना है।
बदलनी पड़ी ग्रिड कनेक्टिविटी की तकनीक
परियोजना के निर्माण के दौरान ग्रिड कनेक्टिविटी की योजना में बदलाव करना बड़ी चुनौती बनी। शुरुआत में अंडरग्राउंड केबल (यूजी केबल) के माध्यम से कनेक्टिविटी की योजना थी, लेकिन बाद में इसे बदलकर मोनोपोल आधारित एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज (ईएचवी) लाइन के रूप में विकसित करना पड़ा। इस बदलाव के कारण डिजाइन, खरीद और निर्माण से जुड़ी कई तकनीकी चुनौतियां सामने आईं। कंपनी के अनुसार, टीपीआरईएल के विंड प्रोजेक्ट एक्जीक्यूशन डिवीजन ने पहली बार इस तरह की मोनोपोल ईएचवी लाइन स्थापित की। इसके बावजूद परियोजना का निर्धारित समय प्रभावित नहीं हुआ।
12.1 गीगावाट पहुंची नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता
इस परियोजना के शुरू होने के साथ ही टीपीआरईएल की कुल नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 12.1 गीगावाट हो गई है। इसमें से 7.3 गीगावाट क्षमता चालू है, जिसमें 5.9 गीगावाट सौर ऊर्जा और 1.4 गीगावाट पवन ऊर्जा शामिल है। वहीं, शेष 4.8 गीगावाट क्षमता की परियोजनाएं अलग-अलग चरणों में निर्माणाधीन हैं। कंपनी का कहना है कि औसा परियोजना स्वच्छ और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगी।












