
- खुद को बॉर्डर पर तैनात जवान बताकर जीता भरोसा, ईंट खरीदने के नाम पर गूगल-पे से भुगतान का दिया झांसा; साइबर थाने में शिकायत
जमशेदपुर : साइबर ठग अब लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी सेना का जवान तो कभी सरकारी अधिकारी बनकर लोगों का भरोसा जीत रहे हैं। ताजा मामला मानगो के संकोसाई रोड नंबर पांच का है, जहां एक ईंट कारोबारी गणेश यादव को सेना का जवान बनकर साइबर ठग ने अपना शिकार बनाया। ठग ने खुद को बॉर्डर पर तैनात जवान बताते हुए ईंट खरीदने की बात कही और गूगल-पे से भुगतान करने का झांसा देकर कारोबारी से 10 हजार रुपये ठग लिए। मामले की शिकायत साइबर थाने में की गई है। पुलिस जांच में जुट गई है।
पहले फोन कर ईंट खरीदने की जताई इच्छा
जानकारी के अनुसार, साइबर ठगों ने पहले ईंट कारोबारी गणेश यादव से फोन पर संपर्क किया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को सेना का जवान बताया और कहा कि वह बॉर्डर पर सुरक्षा में तैनात है। उसने कारोबारी से ईंट खरीदने की इच्छा जताई। भुगतान की बात आने पर कारोबारी ने चेक के जरिए पैसे देने को कहा, लेकिन फोन करने वाले व्यक्ति ने गूगल-पे से भुगतान करने पर जोर दिया।
अकाउंट मर्ज करने के नाम पर फंसाया
इसके बाद ठग ने कारोबारी से गूगल-पे अकाउंट की जानकारी ली और कहा कि भुगतान प्राप्त करने के लिए अकाउंट को मर्ज करना पड़ेगा। इसके लिए कारोबारी को पहले 10 हजार रुपये जमा करने होंगे। ठग ने पूरी प्रक्रिया को मिलिट्री अकाउंट से भुगतान करने की प्रक्रिया बताकर भरोसा दिलाने की कोशिश की।
शुरुआत में कारोबारी ने रुपये जमा करने से इनकार कर दिया। हालांकि, कुछ देर बाद ठग ने दोबारा फोन किया और खुद को सेना का जवान बताते हुए बातचीत जारी रखी। लगातार भरोसा दिलाने के बाद कारोबारी उसके झांसे में आ गया और खाते में 10 हजार रुपये जमा कर दिए।
पैसे देने के बाद भी नहीं मिला ईंट का भुगतान
रुपये जमा करने के बाद भी कारोबारी को ईंट का भुगतान नहीं मिला। इसके बाद ठगों ने दोबारा फोन कर 10 हजार रुपये जमा करने को कहा। तब कारोबारी को समझ में आया कि वह साइबर ठगों के जाल में फंस चुका है। इसके बाद उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












