
- पिठोरिया स्थित आवास पर पहुंची केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम, घटनास्थल का किया सत्यापन; आरोपित अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के घर भी पहुंचकर की पूछताछ
रांची : आदिवासी युवती निशा भगत की मौत के मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) ने जांच शुरू कर दी है। सीबीआई दिल्ली की स्पेशल क्राइम ब्रांच-व की टीम सोमवार को रांची पहुंची और पिठोरिया थाना क्षेत्र के डहू टोली स्थित निशा भगत के आवास पर पहुंचकर घटनास्थल का सीन रीक्रिएट किया। टीम ने मौके पर मौजूद परिस्थितियों का सत्यापन किया और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को जुटाया। इसके साथ ही पिठोरिया थाने पहुंचकर अब तक की पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों और जब्ती सूची की जानकारी भी ली।
सीबीआई की टीम निशा की मौत के मामले में नामजद आरोपित अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पर भी पहुंची। वहां दोनों से पूछताछ की गई और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए। जांच एजेंसी अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। निशा की मौत से पहले सामने आए जमीन विवाद, कथित प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी।
14 नवंबर को सीबीआई ने दर्ज की प्राथमिकी
निशा भगत की मौत के मामले में सीबीआई ने 14 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कर जांच अपने हाथ में ली थी। एजेंसी की नई दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम ब्रांच-व में आरसी 0482026एस0007 नंबर से केस दर्ज किया गया है। इससे पहले पिठोरिया थाने में इस मामले में प्राथमिकी संख्या 114/2026 दर्ज थी। सीबीआई ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। प्रारंभिक प्राथमिकी में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और एक अज्ञात जमीन कारोबारी को आरोपित बनाया गया है।
पिता ने पुलिस से की थी कार्रवाई की मांग
निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता हांदू भगत ने सात नवंबर को पिठोरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की जांच के लिए एसआइटी भी गठित की गई थी।
छह नवंबर को की थी आत्महत्या
निशा भगत ने छह नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र के डहू टोली स्थित किराये के मकान में आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर जमीन विवाद से जुड़े कारोबारियों पर प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था। लाइव के दौरान उन्होंने अपनी परेशानी भी साझा की थी। उनकी मौत के बाद आदिवासी संगठनों और भाजपा नेताओं ने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई थी। अब केंद्रीय एजेंसी की जांच शुरू होने से इस मामले में नए तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।












