
- 91 अपराधियों को चिह्नित कर सीसीए के तहत कार्रवाई की तैयारी, 54 को जेल में निरुद्ध और 37 को जिला बदर करने का प्रस्ताव; उलीडीह में सर्वाधिक 14 अपराधी चिह्नित
जमशेदपुर : जमशेदपुर में संगठित अपराध के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सात बड़े आपराधिक गिरोहों की घेराबंदी शुरू कर दी है। अखिलेश सिंह, गणेश सिंह, बिल्ला पाठक, कन्हैया सिंह, रंजीत-संजीत, माशूक मनीष और हरपाल-मनप्रीत गिरोह पुलिस के निशाने पर हैं। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर शहरी क्षेत्र के 16 थाना क्षेत्रों से कुल 91 अपराधियों को चिह्नित किया गया है। इनके खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (सीसीए) के तहत कार्रवाई प्रस्तावित है। इनमें 54 अपराधियों को निरुद्ध कर जेल में रखने और 37 को जिला बदर यानी तड़ीपार करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
पुलिस की सूची में हत्या, फायरिंग, लूट और छिनतई जैसी गंभीर आपराधिक घटनाओं से जुड़े आरोपी शामिल हैं। इनमें निखार सबलोक हत्याकांड, गोलमुरी के कन्हैया यादव हत्याकांड, सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल फायरिंग और मानगो में एसआइआर के नाम पर घर में घुसकर की गई लूट की वारदात के आरोपी भी शामिल हैं। पुलिस इन अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों के आधार पर सीसीए के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।
अखिलेश-गणेश समेत सात बड़े गिरोहों के सदस्य निशाने पर
सीसीए के दायरे में शहर के सात प्रमुख आपराधिक गिरोहों के सदस्यों को लिया गया है। इनमें अखिलेश सिंह गिरोह, गणेश सिंह गिरोह, बिल्ला पाठक गिरोह, कन्हैया सिंह गिरोह, रंजीत-संजीत गिरोह, माशूक मनीष गिरोह तथा छिनतई की घटनाओं में सक्रिय हरपाल-मनप्रीत गिरोह शामिल हैं। पुलिस की कार्रवाई का दायरा हत्या और फायरिंग जैसे गंभीर मामलों तक सीमित नहीं है, बल्कि छिनतई की घटनाओं में सक्रिय अपराधियों को भी इसमें शामिल किया गया है।
उलीडीह में सबसे ज्यादा 14, सोनारी में 12 अपराधी चिह्नित
थाना क्षेत्रवार आंकड़ों में उलीडीह सबसे आगे है। यहां से 14 अपराधियों को चिह्नित किया गया है। इनमें 12 के खिलाफ निरुद्धादेश और दो के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित है। सोनारी से 12 अपराधियों को चिह्नित किया गया है। इनमें नौ को निरुद्ध करने और तीन को तड़ीपार करने का प्रस्ताव है।
बागबेड़ा और गोलमुरी से नौ-नौ अपराधियों के नाम सूची में शामिल हैं। बागबेड़ा में छह के खिलाफ निरुद्धादेश और तीन के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित है। वहीं गोलमुरी में दो को निरुद्ध करने और सात को तड़ीपार करने का प्रस्ताव है।
बर्मामाइंस से छह अपराधी चिह्नित किए गए हैं। इनमें दो को निरुद्ध और चार को जिला बदर करने की तैयारी है। मानगो और जुगसलाई से छह-छह अपराधियों के नाम सूची में हैं। मानगो में तीन को निरुद्ध और तीन को तड़ीपार करने का प्रस्ताव है, जबकि जुगसलाई के छह अपराधियों में सभी के खिलाफ निरुद्धादेश की कार्रवाई प्रस्तावित है।
सीतारामडेरा से पांच अपराधी चिह्नित किए गए हैं। इनमें चार को निरुद्ध और एक को तड़ीपार करने का प्रस्ताव है। आजादनगर से भी पांच अपराधियों के नाम सूची में शामिल हैं। यहां एक को निरुद्ध और चार को जिला बदर करने की तैयारी है।
सिदगोड़ा, कदमा, टेल्को और साकची से तीन-तीन अपराधियों को चिह्नित किया गया है। सिदगोड़ा में दो को निरुद्ध और एक को तड़ीपार करने का प्रस्ताव है। कदमा में तीनों के खिलाफ निरुद्धादेश की कार्रवाई प्रस्तावित है। टेल्को में एक को निरुद्ध और दो को जिला बदर करने की तैयारी है। साकची में दो को निरुद्ध और एक को तड़ीपार करने का प्रस्ताव है।
परसुडीह से तीन अपराधियों को चिह्नित किया गया है। इनमें एक को निरुद्ध और दो को जिला बदर करने की तैयारी है। गोविंदपुर और बिष्टुपुर से दो-दो अपराधियों के नाम सूची में शामिल हैं। दोनों थाना क्षेत्रों में किसी के खिलाफ निरुद्धादेश का प्रस्ताव नहीं है, जबकि दोनों अपराधियों को जिला बदर करने की कार्रवाई प्रस्तावित है।
आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना उद्देश्य
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संगठित अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए कुख्यात अपराधियों को चिह्नित कर सीसीए के तहत कार्रवाई की जा रही है। कुल 91 अपराधियों में से 54 के खिलाफ निरुद्धादेश और 37 के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित है। पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है। अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस पहल से शहर के आपराधिक नेटवर्क पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। अब निगाहें प्रस्तावित कार्रवाई को मिलने वाली प्रशासनिक मंजूरी और अंतिम आदेशों पर टिकी हैं।












