
- प्लेसमेंट सेल की सुस्ती से विद्यार्थियों का भविष्य अधर में, कई साल से नहीं मिल रहा रोजगार का अवसर।
- एमबीए की पढ़ाई पर 1.34 लाख रुपये खर्च, जबकि बीआइटी मेसरा में 7 लाख की फीस के बाद 22 लाख तक का पैकेज।
रांची : बेहतर भविष्य और रोजगार की उम्मीद लेकर विश्वविद्यालयों में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को अगर पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी के लिए भटकना पड़े तो सवाल उठना लाजिमी है। रांची विश्वविद्यालय के वोकेशनल और प्रोफेशनल कोर्सों की स्थिति भी कुछ ऐसी ही नजर आ रही है। यहां विद्यार्थी हजारों से लेकर लाखों रुपये तक फीस जमा कर रहे हैं, लेकिन पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें रोजगार दिलाने की ठोस व्यवस्था नहीं मिल पा रही है। प्लेसमेंट की कमजोर व्यवस्था और कोर्सों के प्रचार-प्रसार में कमी का असर अब विद्यार्थियों की संख्या पर भी पड़ने लगा है।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर वोकेशनल, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट मिलाकर कुल 26 कोर्सों का उल्लेख है। हैरानी की बात यह है कि इनमें आधे से अधिक कोर्स बंद हो चुके हैं। कई पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों का दाखिला नहीं हो पा रहा है। ऐसे में वेबसाइट पर कोर्सों की लंबी सूची होने के बावजूद उनकी वास्तविक स्थिति अलग कहानी बयां कर रही है।
कई वर्षों तक प्लेसमेंट सेल की गतिविधियां रहीं सुस्त
रांची विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट की जिम्मेदारी प्लेसमेंट सेल और संबंधित विभागों की है। इसके बावजूद पिछले कई वर्षों तक विद्यार्थियों को कंपनियों तक पहुंचाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं हुए। इसका असर खासकर वोकेशनल कोर्सों पर पड़ा। रोजगार की उम्मीद में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों का भरोसा धीरे-धीरे कम होता गया।
पिछले दो वर्षों से प्लेसमेंट सेल में नियुक्त कोऑर्डिनेटर की ओर से सक्रियता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। रोजगार मेला आयोजित कर विद्यार्थियों को अवसर उपलब्ध कराने की पहल भी हुई है। हालांकि, विद्यार्थियों की बड़ी संख्या और सीमित संसाधनों के कारण सभी कोर्सों तक इसका लाभ पहुंचाना चुनौती बना हुआ है।
26 में से कई कोर्स बंद, 10 पर लग चुका है ताला
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दर्ज 26 पाठ्यक्रमों में कई ऐसे हैं, जिनका संचालन फिलहाल नहीं हो रहा है। इनमें एमएससी इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, एमए इन ह्यूमन राइट्स, एमए इन काउंसलिंग साइकोलॉजी, एमए इन फैशन डिजाइनिंग, पीजी डिप्लोमा इन साइबर सिक्योरिटी, पीजी डिप्लोमा इन मेडिसिनल प्लांट्स, फॉरेस्ट्री, वाइल्डलाइफ एंड क्लाइमेट चेंज, इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन लैंग्वेज, जियोलॉजी, जियोइन्फॉर्मेटिक्स, जेमोलॉजी, कॉपी राइटर, रेडियो जॉकी, साउंड प्रोड्यूसर और रेडियो मैनेजमेंट जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।
इनमें से 10 कोर्स बंद होने की जानकारी दी गई है। विद्यार्थियों की उपलब्धता और संचालन संबंधी समस्याओं के कारण कई पाठ्यक्रम आगे नहीं बढ़ सके।
बीआइटी मेसरा और रांची विवि के एमबीए की फीस में बड़ा अंतर
एमबीए की पढ़ाई के लिए रांची विश्वविद्यालय और बीआइटी मेसरा की फीस में भी काफी अंतर है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बीआइटी मेसरा में एमबीए की फीस करीब सात लाख रुपये है, जबकि रांची विश्वविद्यालय में यह लगभग 1.34 लाख रुपये है।
प्लेसमेंट के मामले में भी दोनों संस्थानों के आंकड़ों में अंतर बताया गया है। बीआइटी मेसरा में अधिकतम पैकेज 22 लाख रुपये सालाना तक पहुंचता है, जबकि न्यूनतम पैकेज करीब 10 लाख रुपये बताया गया है। दूसरी ओर, रांची विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में अधिकतम प्लेसमेंट पैकेज 2.40 से 3 लाख रुपये और न्यूनतम करीब 1.80 लाख रुपये सालाना बताया गया है।
प्लेसमेंट सेल का दावा, सभी विद्यार्थियों को जोड़ने का प्रयास
प्लेसमेंट सेल के कोऑर्डिनेटर जितेंद्र कुमार के अनुसार, सभी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को प्लेसमेंट प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को रोजगार मिल सके। उनके मुताबिक, वर्तमान में प्लेसमेंट सेल काम कर रहा है और रोजगार मेले के माध्यम से भी विद्यार्थियों को अवसर उपलब्ध कराने की कोशिश की गई है।
हालांकि, सवाल यह है कि जब विश्वविद्यालय में रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की संख्या इतनी अधिक है तो उनके संचालन, प्रचार-प्रसार और प्लेसमेंट की व्यवस्था को मजबूत क्यों नहीं किया जा सका। विद्यार्थियों की फीस और उनके भविष्य के बीच रोजगार की यह खाई विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।












