
रांची : अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर झारखंड के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 16 से 18 नवंबर तक आयोजित तीन टेस्ट मैचों की लॉन बॉल्स श्रृंखला में भारतीय टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की। इस जीत में झारखंड के खिलाड़ियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों से मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुलाकात की और उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, कांके रोड में हुई इस मुलाकात के दौरान झारखंड की लॉन बॉल खिलाड़ी रेशमा कुमारी, सुनील बहादुर, दिनेश कुमार और टीम के कोच मधुकांत पाठक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों और कोच को जीत की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड का बढ़ा गौरव
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि राज्य के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की उपलब्धि ने राज्य का मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में झारखंड की प्रतिभाएं लगातार अपनी पहचान बना रही हैं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार झारखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
इस दौरान खिलाड़ियों और कोच ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला में मिली जीत झारखंड के लॉन बॉल खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।












