
- गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर मोहनपुर के पास हुआ भीषण हादसा, टक्कर में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त; तीन साल की बच्ची समेत सात लोग जख्मी, अस्पताल पहुंचे बीडीओ-सीओ ने जाना हाल।
जामताड़ा : गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर सोमवार की दोपहर रफ्तार का कहर देखने को मिला। नारायणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर के पास धनबाद से दुमका जा रही चांदनी बस की सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। यात्री जान बचाने के लिए बदहवास होकर बस से बाहर निकलने लगे। दुर्घटना में सात यात्री घायल हो गए, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद धनबाद रेफर कर दिया गया।
आमने-सामने की टक्कर से बस के उड़े परखच्चे
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब एक बजे चांदनी बस (जेएच 04 एन 4480) धनबाद से यात्रियों को लेकर दुमका जा रही थी। इसी दौरान जामताड़ा की ओर से धनबाद जा रहे मालवाहक ट्रक (एमएच 46 डीजी 8283) से मोहनपुर के पास उसकी सीधी टक्कर हो गई। अचानक हुई इस भिड़ंत से बस में बैठे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन साल की बच्ची समेत सात यात्री घायल
हादसे में घायल लोगों में नारायणपुर थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी निवासी विनोद दास, धनबाद के पोखरिया निवासी दिवाकर भंडारी, धनबाद निवासी अंकुश कुमार और उनकी तीन वर्षीय पुत्री अंशिका कुमारी, सोनरायठाढ़ी निवासी मुमताज अंसारी, दुमका निवासी मरियम मुर्मू तथा धनबाद निवासी अमित शर्मा शामिल हैं।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल मुमताज अंसारी और दिवाकर भंडारी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेज दिया गया।
बीडीओ-सीओ अस्पताल पहुंचे, उपचार की ली जानकारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
इधर, हादसे की जानकारी मिलने पर बीडीओ कमलेश कुमार दास और सीओ देवराज गुप्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। साथ ही चिकित्सकों से उपचार की स्थिति और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
हाईवे पर बेलगाम रफ्तार से बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा
गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मार्ग पर बसों और भारी वाहनों की तेज रफ्तार राहगीरों और यात्रियों के लिए खतरा बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहनों की गति पर नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन जरूरी है।
गौरतलब है कि पिछले शनिवार को भी लोहारंगी मोड़ के पास नूरी बस और एक कार के बीच टक्कर हुई थी। हालांकि उस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी। लगातार सामने आ रहे हादसों से हाईवे पर सफर करने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।












