
- लुगू बुरू महोत्सव में मुख्यमंत्री ने कहा- खनिज संपदा पर सभी की हो हिस्सेदारी, शिक्षा से ही समाज में आएगी मजबूती
जमशेदपुर : झारखंड की खनिज संपदा से देश की अर्थव्यवस्था को ताकत मिलती है, लेकिन जिस आदिवासी समाज की जमीन से ये खनिज निकाले जा रहे हैं, वह आज भी शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा है। यह सवाल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को बोकारो के ललपनिया स्थित लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ में आयोजित राजकीय महोत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन के समापन समारोह में उठाया। उन्होंने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों पर सभी की हिस्सेदारी होनी चाहिए। आदिवासी समाज को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।
संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आए समाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है। यहां विभिन्न प्रकार के खनिजों का खनन हो रहा है और आदिवासियों की जमीन खोदी जा रही है। झारखंड के खनिजों से देश चलता है, लेकिन आदिवासी समाज आज भी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि समाज को शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सभी को एकजुट और संगठित होना होगा। लोगों को अपने संवैधानिक और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है।
शिक्षा को बताया बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम
हेमंत सोरेन ने युवाओं को शिक्षित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव आएगा। शिक्षित युवा अपने समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने आदिवासी समाज से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
लुगू बुरू बनेगा देश का महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ को देश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। यहां आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने के लिए संग्रहालय का निर्माण भी कराया जाएगा। इससे नई पीढ़ी अपनी पारंपरिक और पौराणिक धरोहर को जान सकेगी। उन्होंने कहा कि इस स्थल का विकास लगातार किया जा रहा है और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सरना धर्म कोड के लिए सरकार कर रही काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरना धर्म कोड को लेकर राज्य सरकार प्रयासरत है। वर्तमान में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और आगामी जनगणना भी होने वाली है। ऐसे में आदिवासी समाज को इस दिशा में जागरूक और सतर्क रहने की जरूरत है। कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, चमरा लिंडा, विधायक कल्पना सोरेन सहित कई जनप्रतिनिधि और विभिन्न राज्यों के आदिवासी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।












