
जमशेदपुर : सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को लौहनगरी पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगी नजर आई। गुरु पर्व के अवसर पर निकाले गये भव्य नगर कीर्तन में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सोनारी से साकची तक सड़कों पर संगत की लंबी कतारें दिखीं। कहीं गुरबाणी के मधुर शबद गूंज रहे थे, तो कहीं ‘नानक आया, नानक आया, कलि तारण गुरु नानक आया’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में नगर कीर्तन को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के तत्वावधान में आयोजित नगर कीर्तन की शुरुआत सुबह 11:30 बजे सोनारी गुरुद्वारा साहिब से हुई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की रहनुमाई और पांच प्यारों की अगुवाई में सरबत के भले की अरदास के बाद पालकी साहिब के साथ नगर कीर्तन रवाना हुआ। फूलों से सजी पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज विराजमान थे। पूरे रास्ते श्रद्धालु मत्था टेकते और गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते नजर आये।
नगर कीर्तन का मार्ग सर्किट हाउस, जुबिली गोलचक्कर, कीनन स्टेडियम और साकची गोलचक्कर होते हुए साकची गुरुद्वारा साहिब तक रहा। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने संगत का स्वागत किया। सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से सेवा शिविर लगाये गये थे। इन शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सेवा की गयी।
गतका के करतब और शबद-कीर्तन ने बांधा समां
नगर कीर्तन में सिख मार्शल आर्ट गतका आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। गतका पार्टियों ने तलवारों और पारंपरिक हथियारों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाये। उनके प्रदर्शन को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही। वहीं, गुरुद्वारा कमेटियों की ओर से संचालित विभिन्न स्कूलों के बच्चे अनुशासन के साथ ड्रिल करते और गुरबाणी का गायन करते नजर आये। पालकी साहिब के पीछे बड़ी संख्या में महिलाएं शबद-कीर्तन करती हुई चल रही थीं। इस दौरान पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
सांसद-विधायक समेत गणमान्य लोगों ने टेका मत्था
नगर कीर्तन की रवानगी से पहले सोनारी गुरुद्वारा साहिब में आयोजित कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व सांसद सुमन महतो, उपायुक्त राजीव रंजन, एसडीओ अर्णव मिश्रा, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष मोहन कर्मकार, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर संगत को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। अतिथियों ने गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने और देश की आजादी, सुरक्षा व विकास में सिख समाज के योगदान की सराहना की।
व्यवस्था संभालने में जुटे रहे समाज के प्रतिनिधि
नगर कीर्तन के सफल संचालन और व्यवस्था की जिम्मेदारी में सिख नौजवान सभा के अमरीक सिंह, इंदर सिंह, सिमरन सिंह भाटिया और उनकी टीम सक्रिय रही। वहीं, सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन शैलेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह तोते, सोनारी प्रधान बलबीर सिंह गिल, सतबीर सिंह सोमू, दमनप्रीत सिंह, चंचल सिंह भाटिया, स्त्री सत्संग सभा की प्रधान बीबी रविंद्र कौर, कमलजीत कौर गिल समेत समाज के कई प्रतिनिधियों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
नगर कीर्तन ने एक बार फिर जमशेदपुर में सिख समाज की धार्मिक परंपरा, सेवा भावना और सामुदायिक एकजुटता की झलक पेश की। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकले इस जुलूस में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।












