
रांची : झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में विभिन्न नियोक्ता एवं औद्योगिक संस्थानों द्वारा चयनित 3,044 युवक-युवतियों के बीच नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसके साथ ही राज्य के युवाओं को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने के लिए प्रेझा फाउंडेशन और आईआईटी मद्रास के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रेझा फाउंडेशन और टीवीएस फाउंडेशन के बीच भी समझौता हुआ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि राज्य सरकार अपने खर्च पर चयनित 15 युवाओं को कमर्शियल पायलट बनने का प्रशिक्षण दिलाएगी। भविष्य में इस पहल के तहत एयर होस्टेस कोर्स को भी जोड़ने की तैयारी है। सरकार की इन पहलों को युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सात महीने में 3,044 युवाओं को मिला रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। कल्याण विभाग की विशेष प्रयोजन वाहिनी के रूप में कार्यरत प्रेझा फाउंडेशन ने अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 के बीच गुरुकुल, आईटीआई और नर्सिंग कॉलेजों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान कुल 3,044 युवाओं को प्रशिक्षित कर विभिन्न संस्थानों में प्लेसमेंट दिलाया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं के हुनर को निखारकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है, ताकि वे अपने पैरों पर खड़े होकर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।
AI के दौर में हुनर के बिना अधूरी है पढ़ाई
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दौर पूरी तरह हमारे सामने है। ऐसे समय में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल और तकनीकी दक्षता भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद कैंपस सिलेक्शन के माध्यम से नौकरी मिल जाती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। युवाओं को समय के अनुसार खुद को तैयार करना होगा। इसी सोच के साथ प्रेझा फाउंडेशन और आईआईटी मद्रास की पहल ‘प्रवर्तक-एआई फॉर ऑल’ के साथ समझौता किया गया है, ताकि झारखंड के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जा सके।
अब लड़के भी बनेंगे स्टाफ नर्स
मुख्यमंत्री ने नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर भी महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि अब तक सामान्य तौर पर नर्सिंग की पढ़ाई को महिलाओं और लड़कियों से जोड़कर देखा जाता रहा है, लेकिन यह धारणा बदलने की जरूरत है। राज्य सरकार ने पुरुषों को भी स्टाफ नर्स के रूप में प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि बड़े और छोटे अस्पतालों में पुरुष स्टाफ नर्स बड़ी संख्या में काम कर रहे हैं। ऐसे में युवाओं के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार की नई संभावनाएं तैयार होंगी।
टेक्सटाइल इंडस्ट्री में भी पुरुषों के लिए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले टेक्सटाइल इंडस्ट्री को भी महिलाओं के रोजगार से जोड़कर देखा जाता था, लेकिन अब इस क्षेत्र में पुरुषों के लिए भी व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। महिला और पुरुष के काम के बीच भेदभाव की सोच बदल रही है। महिलाएं भी पुरुषों की तरह नाइट शिफ्ट और ओवरटाइम में काम कर रही हैं।
खनन और स्टील इंडस्ट्री के अनुसार तैयार होगा ट्रेनिंग मॉडल
मुख्यमंत्री ने प्रेझा फाउंडेशन और राज्य के अन्य प्रशिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया कि ऐसा प्रशिक्षण मॉडल तैयार किया जाए, जिससे झारखंड में चल रही औद्योगिक गतिविधियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।
उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। यहां माइनिंग, गोल्ड माइनिंग, यूरेनियम माइनिंग, पावर जेनरेशन और स्टील इंडस्ट्री से जुड़ी गतिविधियां बड़े पैमाने पर संचालित होती हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय स्तर पर ही उन्हें रोजगार मिल सके।
छात्रावासों में भोजन की व्यवस्था करेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित आवासीय विद्यालयों के छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था सरकार करेगी। इसके तहत विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रहने और खाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। भोजन व्यवस्था के संचालन के लिए सरकार की ओर से आवश्यक कर्मियों की नियुक्ति भी की जाएगी।
उत्कृष्ट विद्यालयों और प्रतियोगी परीक्षाओं पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल तैयार किया जा रहा है। इन विद्यालयों की संख्या बढ़ाने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विद्यार्थियों को बेहतर अवसर दिए जा रहे हैं।
दुबई से चेन्नई तक काम कर रहे युवाओं से मुख्यमंत्री ने की बात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड के उन युवाओं से भी वर्चुअल माध्यम से बातचीत की, जो राज्य के बाहर और विदेशों में रोजगार से जुड़े हैं। उन्होंने दुबई में कार्यरत गुमला जिले के राजधन उरांव से बातचीत कर उनके कामकाज और अनुभव की जानकारी ली।
वहीं तमिलनाडु के चेन्नई में काम कर रहीं खूंटी जिले के तोरपा की अलका हेंब्रम से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की। इसके अलावा राज्य के विभिन्न कौशल विकास केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से भी उनके अनुभव जाने।
प्रेझा-आईआईटी मद्रास और टीवीएस फाउंडेशन के बीच समझौता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रेझा फाउंडेशन और आईआईटी मद्रास के बीच समझौता हुआ। इस समझौते पर प्रेझा फाउंडेशन की ओर से कल्याण चक्रवर्ती तथा आईआईटी मद्रास की ओर से बाला मुरली शंकर ने हस्ताक्षर किए।
वहीं प्रेझा फाउंडेशन और टीवीएस फाउंडेशन के बीच हुए दूसरे समझौते पर कल्याण चक्रवर्ती और कृष्ण कुमार प्रभु ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए। इन समझौतों का उद्देश्य युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा, जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव कृपानंद झा, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, प्रेझा फाउंडेशन के निदेशक कल्याण चक्रवर्ती सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रशिक्षित युवक-युवतियां मौजूद थे।












