
- 21 से 23 नवंबर तक आयोजित हो रहा XLRI का 27वां वार्षिक महोत्सव ‘Ensemble Valhalla’; देश के प्रमुख मैनेजमेंट संस्थानों के विद्यार्थी दिखा रहे प्रतिभा, सोमवार को सलीम-सुलेमान की प्रस्तुति के साथ होगा समापन
जमशेदपुर : XLRI जमशेदपुर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक एवं खेल महोत्सव ‘Ensemble Valhalla’ में देशभर के प्रमुख मैनेजमेंट संस्थानों के विद्यार्थियों के बीच मुकाबला जारी है। 21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव के 27वें संस्करण में प्रबंधन, व्यावसायिक रणनीति, उद्यमिता, तकनीक, संस्कृति और खेल से जुड़ी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। रविवार को महोत्सव के दूसरे दिन छह प्रमुख प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, शाम को लोकप्रिय पार्श्व गायक बेनी दयाल की लाइव प्रस्तुति होगी।
देश के प्रमुख संस्थानों की टीमें ले रहीं हिस्सा
इस महोत्सव में एक्सएलआरआई के अलावा एक्सआईएसएस रांची, बीआइटी सिंदरी, आइआइएम, आइआइएम शिलांग, आइआइएम रांची, एक्सआइएम यूनिवर्सिटी भुवनेश्वर, एक्सआइएमबी भुवनेश्वर, आइआइएम संबलपुर और एमडीआइ मुर्शिदाबाद समेत देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों की टीमें भाग ले रही हैं। विद्यार्थी प्रबंधन, व्यावसायिक रणनीति और खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
आज छह प्रतियोगिताओं में दिखेगा विद्यार्थियों का दम
महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को प्रबंधन, मार्केटिंग और सामान्य ज्ञान से जुड़ी छह प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
- हेलिओस : ऑपरेशन आधारित ऑनलाइन क्विज के बाद लाइव केस स्टडी प्रस्तुति।
- मैक्सिमस : मार्केटिंग और ब्रांड से जुड़े सवालों के साथ केस स्टडी एवं अंतिम प्रस्तुति।
- स्ट्राइक एंड पीस : औद्योगिक संबंधों, श्रमिक संगठनों और हड़ताल जैसी परिस्थितियों में रणनीतिक निर्णय क्षमता की परख।
- पेंडेमोनियम : खेल, राजनीति, सिनेमा और वन्यजीवन पर जनरल क्विज।
- बैक टू द रूट्स : कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अंतरविद्यालयी क्विज।
- टाइम टर्नर : रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता।
शाम को बेनी दयाल की लाइव प्रस्तुति
महोत्सव के दूसरे दिन का सबसे बड़ा आकर्षण लोकप्रिय पार्श्व गायक बेनी दयाल का लाइव कॉन्सर्ट होगा। रविवार शाम आयोजित होने वाली इस प्रस्तुति को लेकर विद्यार्थियों और संगीत प्रेमियों में उत्साह है। तीन दिवसीय महोत्सव में शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा के साथ सांस्कृतिक मनोरंजन का भी खास ध्यान रखा गया है।
सोमवार को सलीम-सुलेमान के साथ होगा समापन
महोत्सव के अंतिम दिन सोमवार, 23 नवंबर को उद्यमिता, वित्त, व्यावसायिक रणनीति और सतत विकास से जुड़ी पांच प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें एलिवेटर पिच, स्ट्रेटजिकॉन, जेनेसिस, सोसाइटीज और बिड इट लाइक बेकहम शामिल हैं। इसके अलावा शटर अप फोटोग्राफी प्रतियोगिता तथा टेनिस, वॉलीबॉल, थ्रोबॉल और क्रिकेट के मुकाबले भी होंगे। समापन दिवस का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी सलीम-सुलेमान का लाइव कॉन्सर्ट होगा।
उद्घाटन में तीन प्रमुख महिलाओं को किया गया सम्मानित
महोत्सव के उद्घाटन समारोह में सामाजिक बदलाव और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली तीन महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें सामाजिक कार्यों के लिए दया बाई, वन संरक्षण में योगदान के लिए पद्मश्री जमुना टुडू और पत्रकारिता, समाजसेवा एवं आदिवासी अधिकारों के लिए दयामनी बारला शामिल हैं। समारोह में जनजातीय नृत्य और मार्शल आर्ट की प्रस्तुति भी हुई। साथ ही खेल ट्रॉफियों और टीम जर्सी का अनावरण कर सत्र 2026-27 के कप्तानों का परिचय कराया गया।
इस तरह XLRI का ‘Ensemble Valhalla’ विद्यार्थियों को प्रबंधन और व्यावसायिक कौशल दिखाने के साथ संगीत, संस्कृति, खेल और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का मंच भी उपलब्ध करा रहा है।












