
- बोकारो में तिलक समारोह से देर रात घर लौट रहे थे सभी, डुमरिया के नीलझील नदी पुल के पास बोलेरो और 16 चक्का ट्रक में आमने-सामने की टक्कर
- चालक को नींद आने की शिकायत कर रहे थे यात्री, कई बार गाड़ी रोकने को कहा लेकिन नहीं मानी बात; ग्रामीणों ने कटर से गेट काटकर घायलों को निकाला
गोड्डा : दो घरों में शादी की तैयारियां चल रही थीं। कहीं बेटी की शादी की खुशियां थीं तो कहीं बेटे के विवाह की तैयारी। लेकिन रविवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। गोड्डा-भागलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-333 ए पर मोतिया ओपी क्षेत्र के डुमरिया स्थित नीलझील नदी पुल के पास बोलेरो और 16 चक्का ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार 60 वर्षीय अजय सिंह की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी बोकारो में आयोजित तिलक समारोह से देर रात घर लौट रहे थे।
मृतक अजय सिंह बिहार के बांका जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत चतुर्भुज गांव के निवासी थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बोलेरो में फंसे लोगों को निकालने के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने कटर से गाड़ी का गेट काटा और सभी को बाहर निकाला। अजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल से भागलपुर रेफर कर दिया गया।
चालक को आ रही थी नींद, यात्रियों ने कई बार रोका
हादसे के बाद घायल रितिक सिंह ने बताया कि बोलेरो चालक उमेश मंडल को गाड़ी चलाते समय नींद आ रही थी। यात्रियों ने कई बार गाड़ी रोकने को कहा, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी। रास्ते में कई बार बोलेरो अनियंत्रित भी हुई थी। इसके बावजूद चालक वाहन चलाता रहा। घायल के अनुसार, शनिवार को बोकारो जाते समय भी चालक ने एक अन्य गाड़ी में टक्कर मार दी थी। इसके बाद भी यात्रा जारी रखी गई। देर रात घर लौटते समय नीलझील नदी पुल के पास बोलेरो सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
बेटी की शादी 25 नवंबर को, घर में चल रही थी तैयारी
इस हादसे ने अवधेश सिंह के परिवार को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। अवधेश सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। परिवार के लोग विवाह की खुशियों में जुटे थे, लेकिन हादसे में अवधेश सिंह के घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक के बेटे की शादी भी 2 दिसंबर को थी
हादसे में जान गंवाने वाले अजय सिंह, घायल अवधेश सिंह के फुफेरे भाई थे। वे वर्षों से चतुर्भुज गांव में ही रह रहे थे। अजय सिंह के बेटे की शादी भी 2 दिसंबर को तय थी। इस तरह दोनों परिवारों में कुछ ही दिनों के अंतराल पर शादी होनी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
टक्कर के बाद गड्ढे में जा गिरा 16 चक्का ट्रक
हादसे में शामिल ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 44 जीए 9977 है। ट्रक पंजवारा से गोड्डा की ओर आ रहा था। बोलेरो से टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश राउत ने बताया कि बोलेरो और ट्रक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है।












