
- कोल्हान स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सह सम्मान समारोह-2026 में पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा से लेकर एआइ के दौर में विश्वसनीयता तक हुई चर्चा, उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई पत्रकार सम्मानित
जमशेदपुर : पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए युद्ध, प्राकृतिक आपदा और विषम परिस्थितियों में भी जोखिम उठाकर खबरें लोगों तक पहुंचाते हैं। बावजूद इसके, बड़ी संख्या में पत्रकारों के सामने सामाजिक सुरक्षा एक गंभीर सवाल बना हुआ है। पत्रकारों को बीमा और पेंशन जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर पहल करनी चाहिए। यह मांग सांसद विद्युत वरण महतो ने शनिवार को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित कोल्हान स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सह सम्मान समारोह-2026 में उठाई।
प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से आयोजित इस समारोह में सांसद ने कहा कि पत्रकारिता केवल घटनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज को सकारात्मक और सार्थक संदेश भी मिलना चाहिए। पत्रकारों को निर्भीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने लोकसभा में उठाए गए एक प्रश्न का उल्लेख करते हुए पत्रकारों के लिए बीमा और पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर दिया।
जोखिम उठाकर खबरें पहुंचाते हैं पत्रकार, सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सरकार की
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि युद्ध हो या प्राकृतिक आपदा, पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर घटनास्थल से वास्तविक तथ्यों को सामने लाने का काम करते हैं। ऐसे में उनके भविष्य और परिवार की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पत्रकारों के लिए बीमा और पेंशन की व्यवस्था होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में केंद्र और राज्य सरकारों को सामूहिक रूप से प्रयास करना चाहिए, ताकि पत्रकारों को भी सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।
आलोचनात्मक खबरों से सरकार को सुधार का मौका मिलता है : पूर्णिमा साहू
समारोह की विशिष्ट अतिथि जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि पत्रकारिता सत्ता पक्ष और सरकार को जवाबदेह बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आलोचनात्मक खबरों को नकारात्मक रूप में देखने के बजाय उन्हें सुधार का अवसर मानना चाहिए। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रेस और विधायिका के बीच संवाद जितना मजबूत होगा, जनता की आवाज उतनी ही प्रभावी तरीके से सामने आएगी। पत्रकार की कलम और निष्पक्षता को मजबूत करना सरकार की भी जिम्मेदारी है।
एआइ के दौर में विश्वसनीयता सबसे बड़ी चुनौती
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के दौर में खबरों की विश्वसनीयता पत्रकारिता के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। औद्योगिक समूहों और राजनेताओं की मीडिया में मौजूदगी के कारण निष्पक्षता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। ऐसे में जनता का भरोसा कायम रखने के लिए पत्रकारों को ‘थ्री-आई’ के सिद्धांत पर काम करना होगा। इसमें इंडिपेंडेंस (स्वतंत्रता), इंटीग्रिटी (ईमानदारी) और इनोवेशन (नवाचार) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन तीनों मूल्यों को अपनाकर ही पत्रकारिता अपनी विश्वसनीयता और सामाजिक प्रतिष्ठा बनाए रख सकती है।
हार्ड न्यूज से डिजिटल मीडिया तक उत्कृष्ट पत्रकारिता का सम्मान
समारोह में वर्ष 2025-26 के पत्रकारिता पुरस्कार विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किए गए। वरिष्ठ पत्रकार आईके ओझा की अध्यक्षता वाले निष्पक्ष निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद विजेताओं को सम्मानित किया गया।
प्रिंट मीडिया की हार्ड न्यूज श्रेणी में गंगा प्रसाद कौशल सम्मान के तहत प्रभात खबर के मुख्य संवाददाता कुमार आनंद को प्रथम पुरस्कार मिला। अशोक झा और हिंदुस्तान के रोहित कुमार संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के ऋषभ श्रीवास्तव को तीसरा पुरस्कार दिया गया।
सॉफ्ट न्यूज श्रेणी में हिंदुस्तान के रोहित सिंह प्रथम, न्यूज धमाका के सौरभ कुमार द्वितीय और प्रभात खबर गम्हरिया के उत्तम कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया श्रेणी में न्यूज 18 लोकल के आकाश कुमार को प्रथम, दि फॉलोअप के अभिषेक पीयूष को द्वितीय और फतेह लाइव न्यूज पोर्टल को तृतीय पुरस्कार मिला। सोशल मीडिया पत्रकारिता में न्यूज टाइम्स के अविनाश शर्मा प्रथम, डेली नेशन के सरफराज साद द्वितीय और अंजान खबर के नितीश सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
फोटो पत्रकारिता में लगातार तीसरी बार सुदर्शन शर्मा प्रथम
फोटो पत्रकारिता में दैनिक भास्कर के वरिष्ठ छायाकार सुदर्शन शर्मा ने लगातार तीसरे वर्ष प्रथम स्थान हासिल किया। प्रभात खबर के सूरजन सिंह को दूसरा पुरस्कार मिला। फोटो प्रदर्शनी प्रतियोगिता में भी सुदर्शन शर्मा प्रथम रहे। खबर मंत्र के विनय उपाध्याय द्वितीय और दि खबर जंक्शन के सैसब सरकार तृतीय स्थान पर रहे।
दिवंगत पत्रकारों के परिजनों और वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान
दिवंगत पत्रकार स्मृति सम्मान के तहत वरिष्ठ छायाकार स्वर्गीय पार्थो चक्रवर्ती के छोटे भाई मिथुन चक्रवर्ती और मुसाबनी के वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय मृत्युंजय सिंह की पत्नी गुड्डी देवी को सम्मानित किया गया।
दीर्घकालिक पत्रकारिता सेवा सम्मान से दैनिक जागरण के बसंत सिंह और शशि भूषण पांडेय, हिंदुस्तान के पशुपति मिश्रा और अनीश खान, हिंदुस्तान गम्हरिया के सुधाकर झा तथा आजाद मजदूर के संतोष कालिंदी को सम्मान प्रदान किया गया।
मेधावी बच्चों, चिकित्सकों और सहयोगी संस्थाओं को भी सम्मान
समारोह में पत्रकारों के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया। इनमें श्वेता झा, राष्ट्रीय बास्केटबॉल में उपलब्धि हासिल करने वाली अनुष्का कुमारी, राजवीर भाटिया, संगीत एवं गायिकी में प्रतिभा दिखाने वाले दिव्य रत्न, जेईई में 99 परसेंटाइल हासिल कर आइआइटी खड़गपुर में दाखिला लेने वाले नवल सिंह और क्रिमिनोलॉजी में पीएचडी करने वाली निधि कुमारी शामिल रहीं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा सम्मान से डॉ हरप्रीत सिंह, डॉ राजीव ठाकुर, डॉ आर कुमार, डॉ कुणाल वर्मा, डॉ केतन वर्मा, डॉ शिवानी, डॉ जे भादुड़ी, डॉ आरके सिंह, डॉ सुनील सिंह, डॉ विजय शंकर प्रसाद, डॉ अनुज कुमार, डॉ रंजन कुमार अग्रवाल और डॉ सौरव बनर्जी को सम्मानित किया गया। दीपक गोस्वामी और आरके फिजियोथेरेपी सेंटर को भी सम्मान प्रदान किया गया।
सहयोगी संस्था एवं विशेष सेवा सम्मान के तहत टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, अनमोल कुमार, टीम उन्नति, प्रशांत अग्रवाल, अरिजीत सरकार, अनामिका श्रीवास्तव, डॉ संजीव श्रीवास्तव और सामाजिक कार्यकर्ता अप्पू तिवारी को सम्मानित किया गया।
वंदे मातरम और मंत्रोच्चार से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम और नव ज्योति विद्या मंदिर, गम्हरिया के विद्यार्थियों के मंत्रोच्चार के बीच अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस दौरान दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा गया।
समारोह की अध्यक्षता प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने की। महासचिव विकास श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच संचालन पत्रकार साहिल अस्थाना और सुगंधा वर्मा ने किया।
इस अवसर पर टाटा स्टील कॉरपोरेट कम्युनिकेशन के हेड राजेश रंजन, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, डीपीआरओ पंचानन उरांव, हिंदुस्तान के संपादक गणेश कुमार मेहता, उदितवाणी के संपादक उदित अग्रवाल, चमकता आईना के संपादक जयप्रकाश राय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।












