
- बहरागोड़ा और गुड़ाबांदा में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित, मुख्यमंत्री फूलो झानो आशीर्वाद योजना के तहत 45 लाभुकों को मिली आर्थिक सहायता
जमशेदपुर : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में सरकारी योजनाओं के जरिए ग्रामीण परिवारों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की पहल तेज हो गई है। इसी कड़ी में बहरागोड़ा और गुड़ाबांदा प्रखंड में 110 परिवारों को पक्के मकान का तोहफा मिला। आवास योजनाओं के तहत मकान पूरा होने पर लाभुक परिवारों का गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, मुख्यमंत्री फूलो झानो आशीर्वाद योजना के तहत 45 महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
110 परिवारों के सपनों को मिला अपना आशियाना
स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान बहरागोड़ा और गुड़ाबांदा में प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना एवं अन्य आवासीय योजनाओं के तहत निर्मित मकानों में लाभुकों ने गृह प्रवेश किया। कुल 110 परिवारों के लिए यह अवसर खुशियों और नई शुरुआत का प्रतीक बना। लंबे समय से पक्के मकान की उम्मीद लगाए परिवारों को अब सुरक्षित और सम्मानजनक आवास मिला है।
45 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
महिला सशक्तीकरण की दिशा में भी जिले में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री फूलो झानो आशीर्वाद योजना के तहत बहरागोड़ा की आठ और गुड़ाबांदा की 37 महिलाओं सहित कुल 45 लाभुकों को आर्थिक सहायता दी गई। योजना का उद्देश्य महिलाओं को वैकल्पिक आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना और सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
सरकारी योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने पर जोर
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत राज्यभर में आवास, महिला सशक्तीकरण, कृषि, खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में भी इन कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीण परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
राज्यभर में चल रहा जनकल्याण का अभियान
राज्य के विभिन्न जिलों में प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना और पीएम-जनमन के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया जा रहा है। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता, किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी और युवाओं को खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जा रहा है।
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से पहुंचाना और ग्रामीण समुदायों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।












