
जमशेदपुर : पटमदा स्थित साउथ पॉइंट स्कूल में शुक्रवार को ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “भारत लोकतांत्रिक तरीके से चलेगा, भीड़तंत्र से नहीं” रहा। इस दौरान युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, सोशल मीडिया की भूमिका और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक किया गया।
वायरल पोस्ट देखकर न बनाएं अपनी राय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेन्द्र नाग ने कहा कि आज के दौर में युवा सोशल मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया की घटनाओं से लगातार जुड़े रहते हैं। लेकिन किसी रील, पोस्ट या वायरल संदेश से प्रभावित होकर बिना तथ्यों की पड़ताल किए निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। युवाओं को अपने विवेक का इस्तेमाल करते हुए किसी भी विषय का अध्ययन, तथ्यों का विश्लेषण और सत्यापन करने के बाद ही अपनी राय बनानी चाहिए।
भ्रामक सूचनाओं से युवाओं को सावधान रहने की जरूरत
भूपेन्द्र नाग ने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे कई लोग सक्रिय हैं, जो भ्रामक जानकारियां फैलाकर युवाओं को उकसाने और गुमराह करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में युवाओं को भावनाओं में बहने के बजाय संयम और समझदारी से प्रतिक्रिया देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत स्वतंत्र विचार, स्वस्थ संवाद, संवैधानिक मर्यादा और जनमत का सम्मान है, न कि किसी के बहकावे में आकर भीड़ का हिस्सा बन जाना।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक विचारों के प्रसार, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के लिए किया जाना चाहिए। जागरूक और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री तन्मय झा, भाजयुमो विधि प्रकोष्ठ संयोजक चंदन चौबे, रांची विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष नीरज कुमार, साउथ पॉइंट विद्यालय के संस्थापक शिव प्रकाश शर्मा एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन सिद्धार्थ सिंह बागी ने किया।












