
- नवी मुंबई में आयोजित URSI RCRS-2026 में मिला प्रतिष्ठित सम्मान, कृषि क्षेत्रों में सैटेलाइट पोजिशनिंग की सटीकता पर किया शोध
जमशेदपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के शोधार्थी राजकुमार मंडल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर संस्थान और देश का मान बढ़ाया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग के शोधार्थी एवं HEFA CSR परियोजना में प्रोजेक्ट असिस्टेंट राजकुमार मंडल को प्रतिष्ठित 7वें URSI Regional Conference on Radio Science (URSI RCRS-2026) में यंग साइंटिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। 20 नवंबर को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जियोमैग्नेटिज्म (IIG), नवी मुंबई में आयोजित सम्मेलन में उन्हें यह सम्मान उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए प्रदान किया गया।
राजकुमार मंडल को यह पुरस्कार उनके शोध पत्र ‘Comparative Analysis of GNSS PPK Positioning Accuracy in Open and Canopy Agricultural Fields’ के लिए मिला। इस शोध में कृषि क्षेत्रों में ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (GNSS) की प्रिसाइज पॉइंट काइनेमैटिक (PPK) पोजिशनिंग तकनीक की सटीकता का अध्ययन किया गया है। इसके तहत खुले खेतों और पेड़ों तथा फसलों की छतरी से ढके कृषि क्षेत्रों में सैटेलाइट आधारित लोकेशन की सटीकता की तुलना की गई।
खेती में तकनीक के इस्तेमाल की दिशा में महत्वपूर्ण शोध
इस शोध का महत्व कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से जुड़ा है। खेतों में सटीक लोकेशन की जानकारी मिलने से भविष्य में प्रिसिजन एग्रीकल्चर, कृषि सर्वेक्षण, फसल निगरानी और जमीन की मैपिंग जैसे कार्यों को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। खासकर पेड़ों और फसलों से ढके क्षेत्रों में सैटेलाइट पोजिशनिंग की सटीकता का अध्ययन कृषि तकनीक के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह शोध Higher Education Financing Agency (HEFA) की ओर से वित्तपोषित है। HEFA, केनरा बैंक और भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय का संयुक्त उपक्रम है।
मार्गदर्शक ने जताई खुशी, निदेशक ने दी बधाई
राजकुमार मंडल की इस उपलब्धि पर उनके शोध निर्देशक एवं परियोजना के प्रधान अन्वेषक (PI) डॉ. सूरजित कुंडू ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने राजकुमार के कठिन परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए प्रयोगशाला के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों की भी प्रशंसा की। साथ ही शोध कार्य में वित्तीय सहयोग देने के लिए HEFA के प्रति आभार व्यक्त किया।
एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने राजकुमार मंडल और उनके शोध निर्देशक डॉ. सूरजित कुंडू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान में उपलब्ध उत्कृष्ट शोध वातावरण, अकादमिक गुणवत्ता और अनुसंधान को प्रोत्साहित करने वाली संस्कृति के कारण इस तरह की उपलब्धियां संभव हो रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान के युवा शोधार्थी भविष्य में भी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर देश का गौरव बढ़ाएंगे।
राजकुमार मंडल की यह उपलब्धि एनआईटी जमशेदपुर में हो रहे नवाचारपूर्ण अनुसंधान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली है।












