
- छात्र नेता रवि सिंह चंदेल और तुरी समाज के जिला अध्यक्ष मनीष प्रसाद समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल, अमर बाउरी और विधायक पूर्णिमा साहू ने किया स्वागत
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने संगठन विस्तार की दिशा में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बिरसानगर के संडे मार्केट में आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान छात्र नेता रवि सिंह चंदेल और तुरी समाज के जिला अध्यक्ष मनीष प्रसाद के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस राजनीतिक घटनाक्रम को क्षेत्र में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा बिरसानगर मंडल की ओर से मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने नवागंतुक सदस्यों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई।
छात्र नेता और सामाजिक नेतृत्व से जुड़े चेहरे पार्टी में शामिल
इस सदस्यता कार्यक्रम में छात्र नेता रवि सिंह चंदेल और तुरी समाज के जिला अध्यक्ष मनीष प्रसाद की मौजूदगी विशेष रूप से चर्चा में रही। दोनों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाजपा का दामन थामा। पार्टी नेताओं ने इसे युवाओं और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों के बीच संगठन की स्वीकार्यता बढ़ने का संकेत बताया।
अमर बाउरी बोले- भाजपा राष्ट्रसेवा और सुशासन का परिवार
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प के साथ काम करने वाला विशाल परिवार है। युवाओं का पार्टी से जुड़ना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों और भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रति उनके विश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने नवागंतुक युवाओं से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पूर्णिमा साहू बोलीं- युवाओं की ऊर्जा से मजबूत होगा संगठन
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि बिरसानगर में सैकड़ों युवाओं का भाजपा परिवार से जुड़ना संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास और जनसमर्थन का प्रतीक है। युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक सोच समाज एवं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए जनसेवा और राष्ट्रहित के लिए काम करने की अपील की।
नए सदस्यों से संगठन को मिलेगी नई गति
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और विचारधारा के प्रति निष्ठा से मजबूत होता है। सैकड़ों युवाओं के पार्टी से जुड़ने से संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और पार्टी का जनाधार मजबूत होगा।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष सह पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार, कुलवंत सिंह बंटी, कल्याणी शरण, संजीव कुमार, अमरजीत सिंह राजा, जितेंद्र राय, नीलु मछुआ, गणेश सोलंकी, शैलेश गुप्ता, रंजीत सिंह, कुमार अभिषेक, विकास शर्मा, युवराज सिंह, नीरज शर्मा, सीमा दास, धीरज चौधरी, गौतम दुबे, सनोज प्रसाद, सुंदर सरदार, अरुण दुबे, विद्यानंद प्रसाद, राजू यादव और सन्नी सिंह समेत मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।












