
- रात दो बजे जंगल से निकलकर गांव में घुसा दांत टूटा विशाल हाथी, मशाल और पटाखों से भी नहीं डरा; ग्रामीणों ने रातभर जागकर किसी तरह जंगल की ओर खदेड़ा, वन विभाग की टीम नहीं पहुंचने से नाराजगी
सरायकेला : चांडिल वन क्षेत्र के बाना गांव में शुक्रवार की आधी रात एक विशाल टस्कर हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। रात करीब दो बजे बाना जंगल से निकलकर गांव में पहुंचे हाथी ने सबसे पहले झंडू महतो की गल्ला दुकान को निशाना बनाया। दुकान का गेट तोड़कर अंदर रखा एक बोरा आलू खा गया और शटर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद हाथी गांव में घूमता रहा और ईंट भट्ठे में पहुंचकर मजदूर के पालतू सुअर को घायल कर दिया। हाथी की मौजूदगी से पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने रातभर जागकर पटाखे फोड़े और मशाल जलाकर हाथी को भगाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उसे जंगल की ओर खदेड़ा जा सका।
दुकान का गेट तोड़ा, एक बोरा आलू चट कर गया हाथी
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब दो बजे हाथी बाना जंगल से निकलकर गांव में घुसा। इसके बाद वह झंडू महतो की गल्ला दुकान के पास पहुंचा। हाथी ने दुकान का गेट तोड़ दिया और अंदर रखा एक बोरा आलू खा लिया। इस दौरान दुकान का शटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद हाथी लुठू महतो के घर के सामने काफी देर तक खड़ा रहा और वहां रखा डिगला कद्दू खाता रहा।
ईंट भट्ठे में घुसकर सुअर को किया घायल
गांव में उत्पात मचाने के बाद हाथी विष्णु सिंह सरदार के ईंट भट्ठे में पहुंच गया। वहां काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हाथी ने एक मजदूर के पालतू सुअर को घायल कर दिया और कुछ अन्य सुअरों को उछालकर फेंक दिया। अचानक हाथी के पहुंचने से मजदूर भयभीत हो गए। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने के बाद मजदूरों की जान बच सकी।
एक दांत टूटा, इंसानों को देखते ही दौड़ाता है हाथी
ग्रामीणों का कहना है कि टस्कर हाथी का एक तरफ का दांत टूटा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह हाथी काफी आक्रामक है और इंसानों को देखते ही दौड़ाने लगता है। इसी वजह से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। हाथी के गांव में घुसने के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी डरते रहे।
मशाल और पटाखों से भी नहीं डरा गजराज
हाथी को गांव से बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने रातभर मोर्चा संभाले रखा। पटाखे फोड़े गए और मशाल जलाकर उसे भगाने की कोशिश की गई, लेकिन हाथी आसानी से पीछे हटने को तैयार नहीं था। ग्रामीणों के अनुसार, तीन बार मशाल जलाकर खदेड़ने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर भगाया जा सका।
सूचना के बाद भी नहीं पहुंची वन विभाग की टीम, ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों का आरोप है कि हाथी के गांव में घुसने और उत्पात मचाने की सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में ग्रामीणों को खुद ही रातभर हाथी को खदेड़ने की मशक्कत करनी पड़ी। वन विभाग की कथित लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि हाथियों के लगातार गांव में प्रवेश करने से जान-माल का खतरा बढ़ता जा रहा है।
शाम होते ही बाना जंगल से गांवों की ओर उतरता है हाथियों का झुंड
ग्रामीणों के अनुसार, शाम ढलते ही हाथियों का झुंड भोजन और पानी की तलाश में बाना जंगल से निकलकर दक्षिण रेलवे लाइन पार करते हुए गांवों की ओर पहुंच जाता है। दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी और गज परियोजना होने के बावजूद हाथियों को जंगल में पर्याप्त भोजन और पानी नहीं मिलने का दावा ग्रामीण कर रहे हैं। उनका कहना है कि हाथियों का झुंड पलायन कर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में डेरा डाले हुए है और शाम होते ही गांवों में उत्पात मचाने लगता है।
ग्रामीणों की मांग
हाथियों के गांवों में प्रवेश पर रोक लगाने के लिए वन विभाग नियमित निगरानी करे और हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने के लिए तत्काल टीम तैनात करे। साथ ही नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाए।












