
- टाटा मोटर्स अस्पताल में मां शायरा मुंडा ने ली अंतिम सांस, लंबे समय से उम्र संबंधी परेशानियों से थीं जूझ रहीं।
- दिन पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फोन कर जाना था स्वास्थ्य का हाल, अर्जुन मुंडा ने तस्वीर साझा कर बयां किया अपना दर्द।
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा के निधन से परिवार में शोक की लहर है। सोमवार को जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। मां के निधन के बाद अर्जुन मुंडा का दर्द सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक भावुक संदेश के जरिए सामने आया। उन्होंने अपनी मां की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उनके जाने से जिंदगी का सबसे मजबूत सहारा छिन गया। एक बेटे के लिए मां का साथ कितना अनमोल होता है, अर्जुन मुंडा के शब्दों में इसका दर्द साफ झलक रहा है।
‘मां के जाने से ममता का साया ही नहीं उठा’
अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वो सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।
इस भावुक संदेश के साथ उन्होंने अपनी मां की तस्वीर भी साझा की। उन्होंने आगे लिखा कि आज ही पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी इस पोस्ट पर समर्थकों, शुभचिंतकों और परिचितों की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
दो दिन पहले राष्ट्रपति ने फोन कर जाना था हाल
शायरा मुंडा की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को अर्जुन मुंडा से फोन पर बातचीत की थी। राष्ट्रपति ने उनकी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।
अर्जुन मुंडा ने राष्ट्रपति के साथ हुई इस बातचीत की जानकारी एक्स पर साझा करते हुए आभार जताया था। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रपति का स्नेह और आशीर्वाद पूरे परिवार के लिए संबल है। उस समय राष्ट्रपति की यह आत्मीय बातचीत परिवार के लिए भावुक पल बनी थी। हालांकि, इसके दो दिन बाद ही शायरा मुंडा के निधन की दुखद खबर सामने आ गई।
डेढ़ से दो वर्षों से चल रहा था उपचार
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, उम्र संबंधी परेशानियों के कारण शायरा मुंडा का पिछले डेढ़ से दो वर्षों से घर पर ही उपचार चल रहा था। 14 नवंबर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था। परिवार को उनके स्वस्थ होने की उम्मीद थी, लेकिन सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
मां के साथ की तस्वीरें हुईं भावुक
अर्जुन मुंडा की मां के साथ अस्पताल की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वह अस्पताल के बेड पर भर्ती अपनी मां के पास बैठकर बांसुरी बजाते नजर आ रहे हैं। तस्वीर में मां-बेटे के बीच का आत्मीय रिश्ता दिखाई देता है। यह तस्वीर अब उनके भावुक सोशल मीडिया संदेश के साथ चर्चा में है।
अर्जुन मुंडा के लिए मां का जाना व्यक्तिगत जीवन की बड़ी क्षति है। सार्वजनिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने वाले अर्जुन मुंडा ने अपने संदेश में जिस तरह मां को जिंदगी का सबसे मजबूत सहारा बताया है, उससे उनके दुख की गहराई का अंदाजा लगाया जा सकता है।












