
जमशेदपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में देशभर के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञों ने पांच दिनों तक शोधार्थियों को रिसर्च और शोध-पत्र लेखन की बारीकियां सिखाईं। आरएफ सर्किट, एंटीना एवं मेटासर्फेस जैसे आधुनिक तकनीकी विषयों पर आयोजित पांच दिवसीय बूटकैंप RTRAM 2026 का रविवार को समापन हो गया। इसमें कुल 28 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
18 से 22 नवंबर तक आयोजित इस बूटकैंप में IIT खड़गपुर, IIT पटना, IIT (ISM) धनबाद, जादवपुर विश्वविद्यालय, IIEST शिबपुर, NIT जमशेदपुर, NIT मेघालय, SAMEER कोलकाता और UEM कोलकाता सहित विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के 14 विशेषज्ञों ने रिसोर्स पर्सन के रूप में हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकी अनुसंधान और वैज्ञानिक शोध-पत्र तैयार करने की व्यावहारिक जानकारी दी।
रिसर्च गैप से लेकर पेपर पब्लिशिंग तक की ट्रेनिंग
बूटकैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षाविदों को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए तैयार करना था। इसमें शोध की नई संभावनाओं की पहचान, रिसर्च गैप निर्धारित करने, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक संरचनाओं के डिजाइन और सिमुलेशन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा LaTeX आधारित शोध-पत्र लेखन, संदर्भ प्रबंधन, शोध-पत्रों की समीक्षा और प्रकाशन की प्रक्रिया भी समझाई गई।
आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों पर विशेषज्ञों ने दिए व्याख्यान
विशेषज्ञों ने आरएफ इंजीनियरिंग, उन्नत एंटीना डिजाइन, मेटामटेरियल, मेटासर्फेस, माइक्रोवेव मापन तकनीक और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक सिमुलेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिए। देश के विभिन्न संस्थानों से पहुंचे प्रतिभागियों को विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद करने और अपने शोध से जुड़े सवालों के समाधान का अवसर मिला।
पांच विद्यार्थियों ने IEEE की सदस्यता लेने की जताई इच्छा
समापन समारोह में IEEE AP-S/MTT-S ज्वाइंट चैप्टर, कोलकाता सेक्शन के चेयर डॉ. कौशिक मंडल और फैकल्टी एडवाइजर डॉ. सुरजीत कुंडू ने IEEE की सदस्यता के शैक्षणिक, व्यावसायिक और नेटवर्किंग संबंधी लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि IEEE से जुड़कर विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ संवाद, शोध सहयोग और तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान के अवसर मिल सकते हैं। इससे प्रेरित होकर एनआईटी जमशेदपुर के पांच विद्यार्थियों ने IEEE एवं AP-S/MTT-S की सदस्यता लेने की इच्छा जताई।
प्रभारी निदेशक समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
समापन समारोह में एनआईटी जमशेदपुर के प्रभारी निदेशक प्रो. संजय, IEEE AP-S/MTT-S ज्वाइंट चैप्टर के चेयर डॉ. कौशिक मंडल, ईसीई विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार और फैकल्टी एडवाइजर डॉ. सुरजीत कुंडू उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें आधुनिक अनुसंधान तकनीकों और शोध-पत्र लेखन की प्रक्रिया को समझने में मदद मिली।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. सुरजीत कुंडू ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, प्रशासनिक कर्मचारियों, IEEE कोलकाता सेक्शन और सभी विशेषज्ञों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवा शोधकर्ताओं को प्रोत्साहित करने और संस्थान में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।












