
जमशेदपुर : साकची जेल परिसर में 12 मार्च 2002 को हुए जेलर उमाशंकर पांडेय हत्याकांड में 24 साल बाद एक बार फिर नया कानूनी मोड़ सामने आया है। इस मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे गैंगस्टर अखिलेश सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में नई दलील पेश की है। अपने अधिवक्ता के माध्यम से दाखिल अपील में उसने दावा किया है कि जिस दिन जेलर की हत्या हुई थी, उस दिन वह उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पॉकेटमारी के एक मामले में न्यायिक हिरासत में था। ऐसे में हत्या के समय साकची जेल परिसर में उसकी मौजूदगी कैसे संभव थी?
सात से 15 मार्च 2002 तक न्यायिक हिरासत में रहने का दावा
अखिलेश सिंह की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपील के अनुसार, उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के चकिया थाना क्षेत्र में कांड संख्या 53/2002 के तहत सीआरपीसी की धारा 41/109 में पॉकेटमारी के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में अखिलेश सिंह को सात मार्च 2002 को गिरफ्तार किया गया था।
दलील के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद वह सात मार्च से 15 मार्च 2002 तक न्यायिक हिरासत में रहा। सात मार्च को परगना मजिस्ट्रेट ने 20-20 हजार रुपये के दो जमानत बांड पर रिहाई का आदेश दिया था, लेकिन जमानतदार नहीं मिलने के कारण तत्काल रिहाई नहीं हो सकी। 15 मार्च को जमानत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह बाहर आया।
12 मार्च को हुई थी जेलर उमाशंकर पांडेय की हत्या
साकची जेल परिसर में 12 मार्च 2002 को जेलर उमाशंकर पांडेय की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में अखिलेश सिंह को आरोपी बनाया गया था। बचाव पक्ष की नई दलील का आधार यही है कि हत्या के दिन वह चंदौली में न्यायिक हिरासत में था। इसलिए उसकी घटनास्थल पर मौजूदगी को लेकर सवाल उठाया जा रहा है।
2006 में मिली थी उम्रकैद की सजा
इस हत्याकांड में जमशेदपुर अदालत ने दो जनवरी 2006 को अखिलेश सिंह को भादवि की धारा 302 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और तीन वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी।
वर्ष 2007 में मां के इलाज के लिए उसे पैरोल मिली थी। इसके बाद एक मई 2019 को हाईकोर्ट ने उसकी सजा बरकरार रखी थी। हाईकोर्ट ने कहा था कि बचाव पक्ष की ओर से कोई नया साक्ष्य पेश नहीं किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट में 2021 की अपील के तहत नई दलील
इसके बाद अपील संख्या 788/2021 के तहत सुप्रीम कोर्ट में मामला पहुंचा। 11 अक्टूबर 2026 को हिरासत से संबंधित दस्तावेज स्वीकार करने के लिए आवेदन दिए जाने का जिक्र है। अपीलकर्ता का कहना है कि ये दस्तावेज पहले वकील को दिए गए थे, लेकिन अदालत में पेश नहीं हो सके।
अब इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर हत्या के समय दूसरी जगह न्यायिक हिरासत में रहने का दावा किया जा रहा है।
25 नवंबर को सुनवाई पर नजर
वर्तमान में अखिलेश सिंह दुमका जेल में बंद है। उसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में मामला लंबित है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस आवेदन पर 25 नवंबर को सुनवाई होने की संभावना है। अदालत में इन दस्तावेजों की स्वीकार्यता और उनके कानूनी प्रभाव पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
24 साल पुराने इस हत्याकांड में अब सबसे अहम सवाल यही है कि क्या चंदौली में कथित न्यायिक हिरासत के दस्तावेज अखिलेश सिंह के बचाव में महत्वपूर्ण साबित होंगे? इसका जवाब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई और आगे के आदेश से ही स्पष्ट होगा।












