
- जादूगोड़ा के नरवा पुल पर सोमवार सुबह हुई घटना से मचा हड़कंप, पत्नी सदमे में; नदी में लापता युवक की तलाश में जुटी पुलिस
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के नरवा पुल पर सोमवार सुबह एक ऐसी घटना हुई, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। पत्नी के सामने ही पति ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। पति को नदी में डूबता देख पत्नी भी उसे बचाने के लिए पीछे से नदी में कूद पड़ी। हालांकि, मौके पर मौजूद एक स्थानीय युवक ने तत्परता दिखाते हुए महिला को नदी से बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली। इधर, नदी में लापता पति की तलाश जारी है।
पत्नी के सामने पति ने लगा दी नदी में छलांग
जानकारी के अनुसार, मुसाबनी नंबर-1 निवासी शेख रमजान (25) सोमवार सुबह अपनी पत्नी के साथ नरवा पुल पहुंचे थे। दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई। इसी दौरान युवक ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। पति को नदी में कूदता देख पत्नी भी खुद को रोक नहीं सकी और उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी।
सदमे में पत्नी, पुलिस ने थाने पहुंचाया
घटना के बाद महिला सदमे में आ गई। वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी। जादूगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस उससे घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास कर रही है।
गोताखोरों की ओर से पैसे मांगने का आरोप
इधर, नदी में लापता युवक की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों से संपर्क किया गया। आरोप है कि गोताखोरों ने रेस्क्यू के लिए पैसे की मांग की, जिससे तलाशी अभियान शुरू करने में बाधा आई। पुलिस और परिजन मांग की गई राशि जुटाने में असमर्थता जता रहे थे। समाचार लिखे जाने तक युवक का शव नदी से बाहर नहीं निकाला जा सका था और उसकी तलाश जारी थी।












