
नई दिल्ली : झारखंड में अब मछली पालन के साथ मोती की खेती भी ग्रामीणों की कमाई का नया जरिया बनने जा रही है। राज्य में आधुनिक तकनीकों के जरिए मोती उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। खास बात यह है कि नई मेंटल ग्राफ्ट टिश्यू तकनीक से एक सीप में एक साथ सात से आठ मोती विकसित किए जा सकते हैं। भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन में मोती की खेती की यह तकनीक लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
झारखंड सरकार पारंपरिक मत्स्य पालन के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत बायोफ्लॉक, केज कल्चर, मोती पालन और झींगा-मांगुर पालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
एक सीप में सात से आठ मोती तैयार करने की तकनीक
IITF में झारखंड पवेलियन में मत्स्य विशेषज्ञ बुधन सिंह पूर्ति ने मोती की खेती की आधुनिक तकनीकों और इसकी संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पारंपरिक तकनीक से आगे बढ़ते हुए अब मेंटल ग्राफ्ट टिश्यू तकनीक अपनाई जा रही है। इस तकनीक के माध्यम से एक सीप में एक साथ सात से आठ मोती विकसित किए जा सकते हैं। इसमें बाहरी न्यूक्लियस का इस्तेमाल नहीं होता। इससे प्राप्त मोतियों में 97 से 98 प्रतिशत तक शुद्ध कैल्शियम कार्बोनेट होने की जानकारी दी गई।
झारखंड के लगभग सभी जिलों में बढ़ रहा मोती पालन
राज्य में मोती की खेती का दायरा लगातार बढ़ रहा है। विशेषज्ञ के अनुसार, झारखंड के लगभग सभी जिलों में मोती पालन का विस्तार हो रहा है। हजारीबाग को भारत सरकार की ओर से मोती पालन के विशेष क्लस्टर के रूप में विकसित किया गया है। यहां बड़े पैमाने पर इस क्षेत्र में काम हो रहा है। आने वाले समय में हजारीबाग में अत्याधुनिक ब्रीड बैंक स्थापित करने की भी योजना है। इससे मोती पालन को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने की उम्मीद है।
महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल
मत्स्य क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए महिलाओं और युवाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार की ओर से मछली बिक्री किट के साथ तीन और चार पहिया वाहनों का वितरण किया जा रहा है, ताकि लोग मछली के कारोबार से जुड़कर अपनी आजीविका मजबूत कर सकें। इसके अलावा जलाशयों का विकास, खदानों में मत्स्य पालन और मछुआरों को बीमा सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने की पहल भी की जा रही है।
महुआ, लाख और शहद के उत्पाद भी बने आकर्षण
झारखंड पवेलियन में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का स्टॉल भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। यहां महुआ, साल पत्ता, इमली, लाख, शहद, बांस और केंदू पत्ता जैसे वन उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। लाख से बनी चूड़ियां और कंगन तथा महुआ के लड्डू विशेष रूप से लोगों को पसंद आ रहे हैं। इन उत्पादों के माध्यम से झारखंड की पारंपरिक वन संपदा, स्थानीय हस्तकला और ग्रामीण आजीविका की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई पहचान देने की कोशिश
IITF-2026 में झारखंड की प्रस्तुति केवल पारंपरिक उत्पादों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। मोती की खेती, आधुनिक मत्स्य तकनीक और वन उत्पादों के जरिए राज्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नए अवसरों से जोड़ने की कोशिश कर रहा है। इससे आने वाले समय में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण परिवारों के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुलने की संभावनाएं हैं।












