
- झारखंड राज्य मानवाधिकार आयोग के निष्क्रिय रहने से पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई पर संकट; हाईकोर्ट ने सितंबर में सरकार को तीन महीने के भीतर आयोग सक्रिय करने का दिया था निर्देश, जमशेदपुर में मानवाधिकार सहायता शिविर में एक दिन में पहुंचीं दो दर्जन शिकायतें।
जमशेदपुर : राज्य में मानवाधिकारों के संरक्षण और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए गठित झारखंड राज्य मानवाधिकार आयोग पिछले चार वर्षों से निष्क्रिय है। ऐसे में मानवाधिकार उल्लंघन, प्रशासनिक उपेक्षा और अन्याय की शिकायत लेकर पीड़ित आखिर कहां जाएं? आयोग में अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति नहीं होने से शिकायतों की सुनवाई का रास्ता प्रभावित है। इस बीच झारखंड हाईकोर्ट ने भी मामले पर गंभीर रुख अपनाते हुए सितंबर में राज्य सरकार को तीन महीने के भीतर आयोग को पूरी तरह सक्रिय करने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके आयोग कब से काम शुरू करेगा और पीड़ितों को कब न्याय मिलेगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
इसी मुद्दे को लेकर झारखंड मानवाधिकार सम्मेलन (जेएचआरसी) के प्रमुख मनोज मिश्रा ने राज्य सरकार से तत्काल आयोग में अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति कर सुनवाई शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार कोई एहसान नहीं, बल्कि हर नागरिक का अधिकार है। जब न्याय की उम्मीद जगाने वाली संस्था ही निष्क्रिय हो जाए, तो पीड़ित अपनी फरियाद लेकर कहां जाएंगे?
हर रविवार लग रहा सहायता शिविर, पहुंच रहीं शिकायतें
जेएचआरसी की ओर से जमशेदपुर के भुइयांडीह में प्रत्येक रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक मानवाधिकार सहायता शिविर लगाया जा रहा है। यहां लगातार पीड़ित अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं। रविवार को आयोजित शिविर में भी करीब दो दर्जन शिकायतें सामने आईं। इनमें धोखाधड़ी, न्याय, सुरक्षा और जमीन-जायदाद से जुड़े मामले शामिल थे। संगठन अपने स्तर पर शिकायतों के निपटारे का प्रयास कर रहा है, लेकिन कई मामले ऐसे हैं जिनमें राज्य मानवाधिकार आयोग के हस्तक्षेप की जरूरत महसूस होती है।
आयोग में नियुक्ति कर तत्काल शुरू हो सुनवाई
मनोज मिश्रा ने कहा कि आयोग की निष्क्रियता के कारण पीड़ितों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सरकार को बिना देरी किए अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति करनी चाहिए, ताकि वर्षों से लंबित शिकायतों की सुनवाई शुरू हो सके और मानवाधिकार उल्लंघन के मामलों में पीड़ितों को संस्थागत राहत मिल सके।
शिविर में ये लोग थे शामिल
रविवार को आयोजित सहायता शिविर में मनोज मिश्रा के साथ एसके बसु, गुरुमुख सिंह, अभिजीत चंदा, आरसी प्रधान, संतोष कुमार, मो. कमरुद्दीन, रेणु कुमारी, विश्वजीत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।












