
- चाईबासा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में जरूरतमंद मरीज के परिजन से की गई थी रुपये की मांग, शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों को पकड़ा; अस्पताल परिसर में बिचौलियों की सक्रियता पर उठे सवाल
चाईबासा : जरूरतमंद मरीज को खून दिलाने के नाम पर भी ठगी का खेल चल रहा है। पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में खून दिलाने के एवज में रुपये मांगने के आरोप में तीन युवकों को पकड़ा गया है। मंगलवार रात हुई इस कार्रवाई में युवकों के पास से एक हजार रुपये भी बरामद किए गए। तीनों को सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपित युवकों ने मरीज के परिजनों से खून दिलाने के नाम पर 1500 रुपये की मांग की थी। परिजनों ने उन्हें एक हजार रुपये दिए। इसके बाद पीड़ित ने अपने परिचितों को इसकी जानकारी दी। परिचितों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लड बैंक पहुंचकर युवकों को रुपये लेते हुए पकड़ लिया। इसके बाद तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पकड़े गए तीनों युवक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। वे दोपहर और शाम के समय सदर अस्पताल परिसर तथा ब्लड बैंक के आसपास घूमते देखे गए थे। पुलिस अब उनकी गतिविधियों और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
ग्रामीण मरीजों की मजबूरी का उठाते थे फायदा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अस्पताल में दलालों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण दूर-दराज से आने वाले ग्रामीण मरीजों के परिजन अक्सर ठगी का शिकार हो जाते हैं। खून की जरूरत पड़ने पर परेशान परिजन जल्द व्यवस्था करने के लिए किसी भी मददगार पर भरोसा कर लेते हैं। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे रुपये वसूलने की कोशिश की जाती है। ऐसी घटनाओं से मरीजों के परिजनों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी उठानी पड़ती है।
पुलिस खंगाल रही आरोपितों का नेटवर्क
पुलिस तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। क्या इससे पहले भी इन युवकों ने मरीजों के परिजनों से रुपये वसूले हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अस्पताल या ब्लड बैंक के किसी कर्मचारी की इस मामले में कोई भूमिका तो नहीं है।
ब्लड बैंक में रक्त के लिए नहीं लिया जाता शुल्क
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खून दिलाने के नाम पर किसी दलाल या बिचौलिए को पैसे नहीं दें। जरूरत पड़ने पर सीधे ब्लड बैंक से संपर्क करें और किसी भी तरह की अवैध वसूली की जानकारी अस्पताल प्रबंधन या पुलिस को दें।
अब बड़ा सवाल: सरकारी अस्पताल में मुफ्त रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बावजूद बिचौलिये मरीजों के परिजनों से रुपये मांगने की हिम्मत कैसे कर रहे हैं? पुलिस जांच से ही स्पष्ट होगा कि यह तीन युवकों तक सीमित मामला है या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है।












